गंगा में स्नान कर रहा किशोर डूबा, गोताखोर तलाश में जुटे

WhatsApp Channel Join Now
गंगा में स्नान कर रहा किशोर डूबा, गोताखोर तलाश में जुटे


मीरजापुर, 14 मई (हि.स.)। जिगना थाना क्षेत्र के भिलगौर गांव स्थित शिवाला घाट पर गुरुवार दोपहर गंगा स्नान के दौरान एक किशोर गहरे पानी में डूब गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। स्थानीय गोताखोरों के साथ पुलिस किशोर की तलाश में जुटी हुई है।

जानकारी के अनुसार मनिकठी गांव निवासी कृष्णा उर्फ किशन (14) पुत्र रमाशंकर उर्फ रमई कन्नौजिया अपने चार दोस्तों के साथ घर से करीब तीन किलोमीटर दूर भिलगौर गांव के शिवाला घाट पर स्नान करने गया था। स्नान के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।

साथियों के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण घाट की ओर दौड़े, लेकिन तब तक किशोर पानी में ओझल हो चुका था। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से खोजबीन शुरू करा दी। कृष्णा गांव के ही परिषदीय विद्यालय में कक्षा आठ का छात्र था। वह तीन भाइयों में सबसे छोटा था। किशोर के डूबने की खबर सुनकर गांव का माहौल गमगीन हो गया।

थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि किशोर की तलाश के लिए गोताखोरों को लगाया गया है। साथ ही उच्चाधिकारियों से संपर्क कर एनडीआरएफ टीम भेजने का अनुरोध भी किया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story