गंगा में नहाते समय किशोर डूबा, तलाश में जुटी पुलिस

WhatsApp Channel Join Now
गंगा में नहाते समय किशोर डूबा, तलाश में जुटी पुलिस


मीरजापुर, 19 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में चील्ह थाना क्षेत्र के सेमरा गांव स्थित गंगा घाट पर मंगलवार सुबह दोस्तों के साथ नहाने गया एक किशोर गहरे पानी में डूबकर लापता हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस किशोर की तलाश में जुट गई है।

सेमरा गांव निवासी यश तिवारी (16) पुत्र संजय तिवारी अपने चार साथियों के साथ गंगा स्नान करने सेमरा घाट गया था। नहाते समय वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथियों ने शोर मचाया। लोग पहुंचते तब तक किशोर पानी में लापता हो चुका था। घटना की सूचना पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से खोजबीन शुरू कराई गई। थाना प्रभारी रविन्द्र भूषण मौर्य ने बताया कि किशोर के गंगा में डूबने की सूचना मिली है। पुलिस टीम मौके पर मौजूद है और तलाश जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story