गंगा में डूबे किशोर का तीन घंटे बाद मिला शव

WhatsApp Channel Join Now
गंगा में डूबे किशोर का तीन घंटे बाद मिला शव


मीरजापुर, 19 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जनपद में चील्ह थाना क्षेत्र के भोगांव गंगा घाट पर गुरुवार सुबह स्नान के दौरान 16 वर्षीय किशोर डूब गया। काफी तलाश के बाद नदी में डूबे किशोर का शव बरामद कर लिया गया।

चील्ह थाना प्रभारी रविंद्र भूषण मौर्य ने बताया कि भदोही जनपद के औराई थाना क्षेत्र के जेठूपुर गांव निवासी मृदुल मिश्र अपने साथी कृष्ण कुमार मिश्र के साथ गंगा स्नान करने मीरजापुर आया था। भोगांव गंगा घाट पर नहाते समय किशोर गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथी कृष्ण कुमार ने उसे डूबता देख शोर मचाया, जिस पर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पीआरबी 112, टेढ़वा चौकी प्रभारी राम किशोर तथा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची।

कोतवाल ने बताया कि स्थानीय गोताखोरों की मदद से गंगा में जाल डलवाकर डूबे किशोर की तलाश शुरू कराई। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद किशोर को पानी से बाहर निकाला गया। परिजन उसे लेकर मंडलीय चिकित्सालय पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story