आकाशीय बिजली से किशोर की मौत, तीन महिलाएं समेत चार झुलसे
मीरजापुर, 13 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में मीरजापुर जिले के हलिया थाना क्षेत्र में शनिवार को हुई तेज बारिश और गरज-चमक के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक किशोर की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से झुलस गया। वहीं, गांव में एक अन्य स्थान पर बिजली की चपेट में आने से सास और दो बहुएं भी घायल हो गईं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
परसिया मुड़पेली गांव निवासी राजाराम (16) अपने साथी अजय (23) के साथ बाइक से अदवा बैराज घूमने गया था। वापस लौटते समय रास्ते में तेज बारिश शुरू हो गई। बचाव के लिए दोनों सड़क किनारे एक महुआ के पेड़ के नीचे खड़े हो गए। इसी दौरान पेड़ पर आकाशीय बिजली गिर गई। घटना में रामराज की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अजय गंभीर रूप से झुलस गया।
उधर, मुड़पेली गांव में घर के बरामदे में बैठी रमदेइया (55) तथा उनकी दो पुत्रव रीता (27) और एक अन्य (25) भी बिजली की चपेट में आकर झुलस गईं। परिजनों और ग्रामीणों की मदद से सभी झुलसे लाेगाें काे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी। वहीं, उपजिलाधिकारी लालगंज ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया तथा शासन स्तर से आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।
मृतक राजाराम अपने माता-पिता की इकलौती संतान था और दो बहनों में सबसे बड़ा था। बेटे की असमय मौत से पिता रामाश्रय और माता पूनम देवी का रो-रोकर हाल बेहाल है। थानाध्यक्ष राजीव कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि आकाशीय बिजली गिरने से किशोर की मृत्यु हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
-----------------------
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

