किशोरी ने फांसी लगाकर दी जान, जांच जारी
मीरजापुर, 12 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में औरैया जिले के कछवां थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा सेमरी में रविवार सुबह एक किशोरी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी।
थाना अध्यक्ष अमरजीत चौहान ने बताया कि ग्राम सभा सेमरी निवासी लक्ष्मी नारायण का कहना है कि उनकी पुत्री रिमझिम (13) रविवार सुबह 9 बजे घर के कामकाज के दौरान ऊपर गई थी। कुछ देर बाद जब घर के सदस्य किसी काम से ऊपर पहुंचे, तो उन्होंने रिमझिम को फांसी के फंदे पर लटका हुआ देखा। स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल रिमझिम को नीचे उतारकर कछवा क्रिश्चियन हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया। रिमझिम चार बहनों और दो भाइयों में तीसरे नंबर की थी। घटना के पीछे के कारणों का फिलहाल कोई स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। सूचना मिलते ही कछवां थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना अध्यक्ष ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

