सुलतानपुर : गोमती नदी में डूबे दूसरे किशोर का शव भी बरामद
सुलतानपुर, 02 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर में कुड़वार थाना क्षेत्र के नीरसहिया गांव के पास गोमती नदी में डूबे दूसरे किशोर का भी शव गुरुवार को बरामद कर लिया गया। इससे पूर्व बुधवार की बीती शाम को नदी में डूबे एक किशोर के शव को बरामद कर लिया गया था। दोनों मृतक किशोर दोस्तों के साथ नदी में नहाने आए थे। दोनों के शवों को पुलिस कब्जे में लेकर कार्रवाई कर रही है।
कुड़वार थाना क्षेत्र के नीरसहिया गांव के पास सोहगौली निवासी अमन (13) पुत्र पंच बहादुर कोरी एवं साहिल (12) पुत्र रामरूप कोरी अपने कुछ दोस्तों के साथ निरसहिया गांव के पास गोमती नदी में बुधवार को नहाने गए थे। बच्चों ने नदी किनारे अपनी साइकिल, कपड़े और चप्पल उतारे और नदी में नहाने लगे। इस बीच जब काफी देर तक अमन और साहिल नदी से बाहर नहीं आए, तो उनके साथियों ने गांव वालों को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजनों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और नदी किनारे खोजबीन शुरू की गई।
घटना की सूचना पर कुड़वार थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। उपनिरीक्षक बाबू दयाल यादव, उपनिरीक्षक अमरजीत यादव और दीवान राज नारायण पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। पुलिस ने ग्रामीणों और स्थानीय गोताखोरों की मदद से बच्चों की नदी तलाश शुरू कराई।
खोजबीन के दौरान साहिल का शव देर शाम को ही नदी से बरामद कर लिया गया। लेकिन अमन का कुछ पता नहीं लगा। गुरुवार सुबह नदी में फिर तलाश कराई गई और अमन का शव भी मिल गया।
थाना प्रभारी प्रवीण कुमार यादव ने गुरुवार को बताया कि गोमती नदी में डूबे दूसरे किशोर का शव भी आज बरामद हो गया है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त

