माध्यमिक शिक्षक संघ ने डीआईओएस कार्यालय पर दिया धरना, सौंपा ज्ञापन

WhatsApp Channel Join Now
माध्यमिक शिक्षक संघ ने डीआईओएस कार्यालय पर दिया धरना, सौंपा ज्ञापन


जौनपुर, 10 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद जौनपुर में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (शर्मा गुट) का एक दिवसीय धरना जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय (डीआईओएस ) में शुक्रवार को सम्पन्न हो गया। जिलाध्यक्ष प्रमोद सिंह के नेतृत्व में शिक्षकों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर डीआईओएस राकेश कुमार सिंह को ज्ञापन सौंपा।

जिलाध्यक्ष प्रमोद सिंह ने बताया कि 1 अप्रैल 2025 से एनपीएस से पुरानी पेंशन योजना में शामिल हुए शिक्षकों के जीपीएफ खातों में कटौती की राशि अब तक अंतरित नहीं की गई है। शासन के निर्देश के बावजूद 31 मार्च तक यह प्रक्रिया पूरी न होने पर उन्होंने नाराजगी जताई।

शिक्षकों ने यह भी आरोप लगाया कि एनपीएस में शामिल शिक्षकों के खातों में तीन से चार महीने बाद भी धनराशि अपडेट नहीं हो रही है। इसके साथ ही बोर्ड परीक्षा मूल्यांकन केंद्रों पर जलपान मानदेय में अनियमितता, ग्रीष्मकालीन अवकाश में जनगणना ड्यूटी लगाए जाने और जनपद में सिटीजन चार्टर लागू न होने जैसी समस्याएं भी उठाई गईं। संगठन ने जनगणना ड्यूटी के बदले 40 दिन के अर्जित अवकाश की मांग की।

प्रांतीय उपाध्यक्ष नरसिंह बहादुर सिंह ने कहा कि जनपद में स्थानीय समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है और कार्यालयों में भ्रष्टाचार व्याप्त है। उन्होंने आरोप लगाया कि विनियमितीकरण की फाइलों को आगे बढ़ाने के नाम पर शिक्षकों और कर्मचारियों का शोषण किया जा रहा है। डीआईओएस ने आश्वासन दिया कि सभी मांगों पर सकारात्मक विचार किया जाएगा और समस्याओं के समाधान का प्रयास किया जाएगा। साथ ही उन्होंने संगठन के पदाधिकारियों के साथ बैठक करने की बात भी कही। जिलामंत्री दिनेश चक्रवर्ती ने सभी शिक्षकों का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि ज्ञापन की एक प्रति जिलाधिकारी को भी सौंपी जाएगी।

इस अवसर पर जयप्रकाश सिंह, रामप्रकाश सिंह, प्रवीण पाण्डेय, विजय सिंह यादव, रामप्रताप विश्वकर्मा, आलोक श्रीवास्तव, डॉ. सुनील सिंह, अवधेश सिंह, प्रशांत पाण्डेय, संजय पाठक, सुजीत चौरसिया, शिव श्याम और अजीत प्रताप सहित बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story