बीएड अभ्यर्थियों के लिए पांच दिवसीय योग शिक्षक प्रशिक्षण शिविर शुरु

WhatsApp Channel Join Now
बीएड अभ्यर्थियों के लिए पांच दिवसीय योग शिक्षक प्रशिक्षण शिविर शुरु


मीरजापुर, 16 मार्च (हि.स.)। पतंजलि, युवा भारत एवं एमबी योग संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को आदर्श जनता महाविद्यालय कोलना, चुनार में बीएड अभ्यर्थियों के लिए पांच दिवसीय योग शिक्षक प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुई, जिसमें विभिन्न जिलों से आए अभ्यर्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

शिविर का उद्घाटन राष्ट्रीय योगासन जज एवं योग गुरु ज्वाला सिंह ने किया। उन्होंने पहले दिन प्रतिभागियों को हाथों और पैरों से किए जाने वाले सूक्ष्म व्यायाम का अभ्यास कराया और उससे होने वाले स्वास्थ्य लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। योग गुरु ने बताया कि नियमित रूप से हाथों के सूक्ष्म व्यायाम करने से उंगलियों, पंजों, कलाई, कोहनी और कंधों से संबंधित समस्याओं में राहत मिलती है। इसके अलावा सर्वाइकल स्पॉन्डिलाइटिस और फ्रोजन शोल्डर जैसी बीमारियों में भी यह व्यायाम लाभकारी है।

उन्होंने बताया कि पैरों से किए जाने वाले सूक्ष्म व्यायाम के अभ्यास से जोड़ों के दर्द, गठिया, जांघ, एड़ी और पंजों से जुड़ी समस्याओं में आराम मिलता है। साथ ही नाभि के नीचे की कई शारीरिक समस्याओं में भी इससे लाभ प्राप्त होता है। उन्होंने कहा कि बालक से लेकर वृद्ध तक हर व्यक्ति इन व्यायामों का अभ्यास कर अपने स्वास्थ्य को बेहतर बना सकता है।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रदीप सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में योग हर व्यक्ति के जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है। आज अधिकांश लोग किसी न किसी शारीरिक या मानसिक बीमारी से जूझ रहे हैं। यदि व्यक्ति स्वस्थ और निरोग जीवन जीना चाहता है तो उसे नियमित रूप से योग और प्राणायाम को अपनाना चाहिए।

कार्यक्रम में केशराज सिंह ने भी विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि आज के दौर में बिगड़ता स्वास्थ्य चिंता का विषय बनता जा रहा है। उन्होंने कहा कि ‘पहला सुख निरोगी काया’ की कहावत आज भी उतनी ही प्रासंगिक है। शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक सुख प्राप्त करने का सबसे सरल और प्रभावी माध्यम योग ही है।

शिविर के दौरान बीएड अभ्यर्थियों को योग प्रशिक्षण के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story