विद्यार्थियों के लिए कुम्हार की तरह होता है शिक्षक : राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य
- जिस स्कूल में कभी पहनी गणवेश, आज उसी के मंच से राज्यपाल ने सुनाई सफलता की कहानी
मीरजापुर, 15 नवंबर (हि.स.)। शिक्षक कुम्हार की तरह होता है, जो ऊपर से डांट लगाता है, लेकिन नीचे से हाथ लगाकर सहारा भी देता है। उसके मार्गदर्शन और स्नेह से ही विद्यार्थी का व्यक्तित्व निखरता है। यह बातें असम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने रविवार को आदर्श इंटर कॉलेज के 75वें स्थापना दिवस समारोह में कहीं।
विद्यालय के पूर्व छात्र राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने अपने छात्र जीवन की यादें साझा करते हुए कहा कि वर्ष 1966 में वह इसी विद्यालय में कक्षा छह के छात्र थे। अन्य विद्यार्थियों की तरह गणवेश पहनकर विद्यालय आते थे। आज वह जिस मुकाम पर हैं, उसमें विद्यालय के शिक्षकों का बड़ा योगदान है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपना साथी बताते हुए कहा कि वह भी इसी विद्यालय के भूतपूर्व छात्र हैं।
उन्होंने कहा कि मां और मातृभूमि का सम्मान जीवनभर करना चाहिए। डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि शिक्षा शेरनी का दूध है, जो जितना पिएगा, उतना ही दहाड़ेगा। विद्यार्थियों को खूब पढ़ने और आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। विद्यालय के 75 वर्ष पूरे होने पर उन्होंने प्रबंधक सुनील कुमार गुप्ता के कुशल निर्देशन की सराहना की। अपने पुराने विद्यालय और क्षेत्र में हुए आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विकास को देखकर उन्होंने प्रसन्नता जताई।
समारोह का शुभारंभ भगवान गणेश की प्रतिमा और बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। प्रबंधक सुनील कुमार गुप्ता और प्रधानाचार्य डॉ. शशि शेखर भट्ट ने राज्यपाल का स्मृतिचिह्न और माल्यार्पण कर स्वागत किया। इस दौरान मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल और कैलाशपति त्रिपाठी मंच पर मौजूद रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता नागेंद्र प्रसाद द्विवेदी और संचालन हरिशंकर त्रिपाठी ने किया। समारोह में नशामुक्त भारत के निर्माण के लिए उपस्थित लोगों को शपथ भी दिलाई गई। इस अवसर पर हीरा सिंह, डॉ. आशा पांडेय, संजय सिंह, शैलेंद्र सिंह, अरुण कुमार और प्रमोद दीक्षित सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

