वाराणसी खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से पूर्व एमएलसी चेतनारायण सिंह शिक्षक संघ के प्रत्याशी घोषित, समर्थकों में खुशी की लहर
वाराणसी, 21 जुलाई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ की बोर्ड बैठक में अध्यक्षता कर रहे एमएलसी राजबहादुर सिंह चंदेल ने विधान परिषद के द्विवार्षिक निर्वाचन में वाराणसी खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से पूर्व एमएलसी चेतनारायण सिंह का नाम घोषित किया। चेतनारायण सिंह के नाम की घोषणा होते ही उनके समर्थकों में उत्साह का माहौल हो गया और खुशी की लहर दौड़ गई। समर्थक अजय कुमार सिंह ने कहा कि वाराणसी खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से चेतनारायण सिंह से अच्छा कोई प्रत्याशी हो नहीं सकता। इस बार फिर से उनकी जीत सुनिश्चित होगी।
वहीं पूर्व एमएलसी चेतननारायण सिंह ने समर्थकों का धन्यवाद करते हुए कहा कि शिक्षक समुदाय को समाज की मुख्य धारा में मार्गदर्शक के रूप में देखा जाता है। शिक्षक के रूप में उन्होंने सदैव ही अपने विद्यार्थियों का सही दिशा निर्देशन किया है। शिक्षक चुनाव में वह अपने समर्थकों के बल पर ही चुनाव लड़ते हैं।
बोर्ड बैठक के बाद उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ की ओर से मिली जानकारी के अनुसार बरेली मुरादाबाद खंड शिक्षक क्षेत्र से विमिलेंद्र कुमार शर्मा, आगरा अलीगढ क्षेत्र से जगदीप सिंह नौहवार, गोरखपुर फैजाबाद क्षेत्र से डॉ. राकेश सिंह , लखनऊ शिक्षक क्षेत्र से वीरेंद्र सिंह, मेरठ सहारनपुर क्षेत्र से स्वराज पाल प्रत्याशी के रूप में घोषित किये गये हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शरद

