68,500 सहायक शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों ने मंत्री अनिल राजभर के आवास पर किया प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
68,500 सहायक शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों ने मंत्री अनिल राजभर के आवास पर किया प्रदर्शन


लखनऊ, 18 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में 68,500 सहायक अध्यापक भर्ती 2018 में कथित आरक्षण विसंगति दूर करने की मांग को लेकर 79 दिनों से इको गार्डन में धरना दे रहे अभ्यर्थियों ने बुधवार को कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर के आवास पर प्रदर्शन किया। सैकड़ों अभ्यर्थियों ने मंत्री के आवास के बाहर सड़क पर बैठकर सरकार से न्याय और संशोधित परिणाम जारी करने की मांग उठाई।

आंदोलन का नेतृत्व कर रहे तूफान सिंह और सह नेतृत्वकर्ता आशुतोष वर्मा ने कहा कि राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग और राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग के आदेशों के अनुरूप ओबीसी अभ्यर्थियों को आरक्षण का लाभ दिया जाए। भर्ती परिणाम में हुई विसंगति दूर कर पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति दी जाए और इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई हो। उन्होंने कहा कि पूर्व में हुई बैठकों और आयोगों के आदेशों के बावजूद अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं हुआ है।

अभ्यर्थियों ने बताया कि 13 नवंबर को राष्ट्रपति सचिवालय से भी इस मामले में न्याय के लिए उत्तर प्रदेश सरकार के प्रमुख सचिव को पत्र भेजा गया है। इसके बावजूद कार्रवाई नहीं होने से आंदोलन जारी रखने का निर्णय लिया गया है।

प्रदर्शन के बाद मंत्री अनिल राजभर ने अभ्यर्थियों के प्रतिनिधिमंडल को विधानसभा सचिवालय स्थित अपने कार्यालय में वार्ता के लिए बुलाया। उन्होंने पूरे प्रकरण को गंभीरता से सुनने के बाद मुख्यमंत्री के विशेष कार्याधिकारी (ओएसडी) से बातचीत कर अभ्यर्थियों की मांगें और मामले से जुड़े तथ्य उनके समक्ष रखे।

मंत्री ने आश्वासन दिया कि उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की मौजूदगी में प्रतिनिधिमंडल की बैठक कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने अभ्यर्थियों से दो-तीन दिन का समय मांगते हुए जल्द सकारात्मक पहल की उम्मीद जताई। इस दौरान राज्य मंत्री मनोहर लाल मन्नू कोरी भी मौजूद थे।

प्रतिनिधिमंडल में विनोद प्रजापति, राम प्रवेश, उमेश गुप्ता, चंद्र प्रकाश पटेल, प्रतिमा कुशवाहा, सुमन यादव, गरिमा, संजूलता, आभा पटेल, ऋषिता पाल, सच्चिदानंदन, अजय मावी, अरविंद, उत्कर्ष पटेल, नवीन चौधरी, रंजना जायसवाल और सच्चिदानंद शामिल रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779044 Articles

Share this story