शिक्षक भर्ती मामला : अभ्यर्थियों ने बेसिक शिक्षा मंत्री के आवास पर किया प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
शिक्षक भर्ती मामला : अभ्यर्थियों ने बेसिक शिक्षा मंत्री के आवास पर किया प्रदर्शन


- 66 दिनों से धरना जारी, वार्ता नहीं होने पर जताई नाराजगी, पुलिस पर बर्बरता का आरोप

लखनऊ, 05 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में 68,500 सहायक अध्यापक भर्ती-2018 में कथित तौर पर आरक्षण विसंगति दूर करने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों ने गुरुवार को बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह के आवास का घेराव कर प्रदर्शन किया। पिछले 66 दिनों से धरना दे रहे सैकड़ों अभ्यर्थियों ने नारेबाजी करते हुए मंत्री से मुलाकात और वार्ता की मांग की। हालांकि, काफी देर इंतजार के बाद भी वार्ता न होने पर अभ्यर्थियों ने नाराजगी जताई।

आंदोलनकारी अभ्यर्थियों का आरोप है कि भर्ती प्रक्रिया में कथित तौर पर अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) को आरक्षण का समुचित लाभ नहीं दिया गया। इस संबंध में राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग और राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की ओर से परिणाम संशोधित कर पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति देने की संस्तुतियां की जा चुकी हैं, लेकिन शासन स्तर पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

आंदोलन का नेतृत्व कर रहे तूफान सिंह और आशुतोष वर्मा ने कहा कि पूर्व में मंत्री आवास पर हुई बैठक में मुख्यमंत्री और कैबिनेट स्तर पर वार्ता कर जल्द निर्णय लेने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक कोई पहल नहीं हुई। महिला मोर्चा प्रमुख रंजना जायसवाल ने कहा कि महिला अभ्यर्थी परिवार छोड़कर 66 दिनों से धरने और भूख हड़ताल पर हैं, लेकिन उनकी पीड़ा सुनने वाला कोई नहीं है।

प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने अभ्यर्थियों को हटाकर बसों से ईको गार्डन भेज दिया। अभ्यर्थियों ने पुलिस पर घसीटने और मारपीट करने का आरोप लगाया। इस दौरान भूख हड़ताल पर बैठे दीपक पटेल की तबीयत बिगड़ गई, जिन्हें सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया।

अभ्यर्थियों ने कहा कि आरक्षण विसंगति दूर कर पात्र अभ्यर्थियों को न्याय मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शन में विनोद प्रजापति, अजीत लोधी, नसीम, सच्चिदानंद, राम प्रवेश, कुसुम, सुमन, इकबाल, चंद्र प्रकाश पटेल, प्रतिमा कुशवाहा और इशिता पाल समेत बड़ी संख्या में अभ्यर्थी शामिल रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772689 Articles

Share this story