टीडी और डीपीटी अभियानों के लिए जिला स्तरीय टास्क फोर्स की वर्चुअल बैठक

WhatsApp Channel Join Now
टीडी और डीपीटी अभियानों के लिए जिला स्तरीय टास्क फोर्स की वर्चुअल बैठक


वाराणसी, 14 अप्रैल (हि. स.)। वाराणसी में टेटनस डिप्थीरिया (टीडी) एवं डिप्थीरिया, काली खांसी एवं टेटनस (डीपीटी) टीकाकरण अभियान को प्रभावी रूप से संचालित करने के लिए मंगलवार को जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय टास्क फोर्स की वर्चुअल बैठक जूम प्लेटफॉर्म के माध्यम से आयोजित हुई। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश प्रसाद, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एस.एस. कन्नौजिया, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित सभी प्रभारी चिकित्सा अधिकारी, जेएसआई से डॉ शाहिद एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

जिलाधिकारी सतेन्द्र ने टीडी एवं डीपीटी टीकों के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि जनपद के सभी पात्र लाभार्थियों को शत-प्रतिशत टीकाकरण से आच्छादित किया जाए। उन्होंने कहा कि ये टीके बच्चों एवं किशोरों को डिप्थीरिया, काली खांसी एवं टेटनस जैसी गंभीर बीमारियों से सुरक्षा प्रदान करते हैं।

वाराणसी में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ राजेश प्रसाद ने बताया कि प्रदेश में 20 से 30 अप्रैल के बीच स्कूल आधारित विशेष टीडी एवं डीपीटी टीकाकरण अभियान 20, 21, 23, 24, 27, 28 एवं 30 अप्रैल को संचालित किया जा रहा है।

वही, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ एस. एस. कन्नौजिया ने कहा कि अभियान के तहत 5 से 6 वर्ष आयु के बच्चे संभावित कक्षा एक को डीपीटी (डिप्थीरिया परट्यूटिस टेटनेस) का टीका, 10 वर्ष आयु के बच्चे संभावित कक्षा 4 एवं कक्षा 5 एवं 16 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों संभावित कक्षा 10 एवं 11 को टीडी (टेटनस- डिप्थीरिया) के डोज दिए जाएंगे। प्रत्येक सत्र में लगभग 100–125 लाभार्थियों का टीकाकरण सुनिश्चित किया जाएगा। स्कूलों, एवं मदरसों पर सत्र आयोजित किए जाएंगे।

-माइक्रो प्लान एवं जन-जागरूकता पर जोर

जिलाधिकारी ने बैठक में निर्देश देते हुए कहा कि शिक्षा विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर सभी विद्यालयों में टीकाकरण की कार्य योजना तैयार की जाए। अभिभावकों की सहमति एवं जागरूकता हेतु विशेष अभियान चलाया जाए।

बैनर, पोस्टर एवं अन्य माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए। यू-विन पोर्टल पर टीकाकरण की नियमित रिपोर्टिंग की जाए। अभियान के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए जनपद को पूर्ण रूप से टीकाकृत बनाने में योगदान दें। अभियान की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी तथा निर्धारित समय सीमा के अंतर्गत सभी लक्ष्यों को पूर्ण किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शरद

Share this story