मीरजापुर: राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने टीबी मरीजों को दी पोषण पोटली

WhatsApp Channel Join Now
मीरजापुर: राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने टीबी मरीजों को दी पोषण पोटली


मीरजापुर, 11 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में चल रहे टीबी उन्मूलन अभियान के तहत मंगलवार को कछवां क्रिश्चियन अस्पताल परिसर में मझवां विकासखंड के 151 टीबी मरीजों को पोषण पोटली वितरित कर गोद लिया गया। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं उद्यम राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा मुख्य अतिथि रहे।

कछवां क्रिश्चियन अस्पताल ने 85, हेल्पिंग हैंड फाउंडेशन चितईपुर वाराणसी ने 50, पूर्व कछवां नगर पंचायत अध्यक्ष डॉ. पंधारी यादव ने 11, पूर्व जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. एलएस मिश्रा और डिप्टी सीएमओ डॉ. सुदीप कुमार सिंह ने पांच-पांच तथा टीबी चैंपियन राकेश कुमार ने दो मरीजों को गोद लेकर पोषण पोटली उपलब्ध कराई।

राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि पहले टीबी को लेकर काफी भय रहता था, लेकिन अब बेहतर जांच, उपचार और सरकारी सुविधाओं से यह बीमारी पूरी तरह साध्य है। उन्होंने मरीजों से पौष्टिक खान-पान, साफ-सफाई, चिकित्सकीय सलाह और नियमित दवा सेवन पर विशेष ध्यान देने की अपील की। उन्होंने सहयोगी नि:क्षय मित्रों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया और आगामी कार्यक्रम में स्वयं 50 टीबी मरीजों को गोद लेने का आश्वासन दिया।

सीएमओ डॉ. केके मिश्रा ने लोगों से झोलाछाप चिकित्सकों से इलाज कराने के बजाय सरकारी अस्पतालों में नि:शुल्क जांच और उपचार कराने की अपील की।

पूर्व जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. एलएस मिश्रा ने मरीजों को दवा की एक भी खुराक न छोड़ने तथा खांसते-छींकते समय मुंह ढकने की सलाह दी।

कार्यक्रम में जिला क्षय रोग समन्वयक सतीश शंकर यादव समेत स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, भाजपा पदाधिकारी और अन्य लोग मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story