टीबी मुक्त भारत अभियान में वाराणसी मंडल को मिला प्रथम स्थान

WhatsApp Channel Join Now
टीबी मुक्त भारत अभियान में वाराणसी मंडल को मिला प्रथम स्थान


वाराणसी, 09 जुलाई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश में 24 मार्च से 05 जुलाई 2026 तक संचालित 100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान में वाराणसी मंडल ने अग्रणी उपलब्धि हासिल करते हुए विभिन्न प्रमुख सूचकांकों पर शत-प्रतिशत प्रदर्शन दर्ज किया है। अभियान के अंतर्गत गाँव- गाँव एवं शहर-शहर व्यापक स्तर पर टीबी की स्क्रीनिंग, जांच एवं उपचार की सेवाएँ प्रदान की गईं। अभियान के दौरान हाई-रिस्क गाँवों का शत-प्रतिशत आच्छादन सुनिश्चित किया गया।

अपर निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण डॉ. एन. डी. शर्मा ने बताया कि आयुष्मान आरोग्य मंदिरों पर विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर संभावित टीबी मरीजों की पहचान की गई तथा चिन्हित मरीजों को समयबद्ध उपचार उपलब्ध कराया गया। अभियान में वाराणसी मंडल के चारों जनपद—वाराणसी, चंदौली, जौनपुर एवं गाजीपुर ने सक्रिय सहभागिता निभाई। एक्स-रे परीक्षण, नॉट मशीन से माइक्रोबायोलॉजी जांच, डिफरेंशिएटेड टीबी केयर, रोगियों के परिवारों की संपर्क जांच तथा टीबी मरीजों को पोषण पोटली वितरण जैसे सभी प्रमुख घटकों का प्रभावी क्रियान्वयन किया गया। इन उत्कृष्ट प्रयासों के परिणाम स्वरूप वाराणसी मंडल को प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। इसके साथ ही आगरा एवं सहारनपुर मंडल को संयुक्त रूप से प्रथम स्थान पर सम्मानित किया गया।

अपर निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य ने इस उपलब्धि का श्रेय सभी जनपदों के चिकित्सा अधिकारियों, स्वास्थ्यकर्मियों, राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा सहयोगी संस्थाओं के समर्पित प्रयासों को दिया है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते हुए प्रदेश को टीबी मुक्त बनाने के लक्ष्य को शीघ्र प्राप्त किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शरद

Share this story