फिरोजाबाद में टायर से तेल निकालने की फैक्ट्री में लगी भीषण आग
फिरोजाबाद, 04 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद फिरोजाबाद के थाना शिकोहाबाद के गांव उरमुरा किरार में रविवार को टायर से तेल निकालने की फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग की लपटें और काले धुआं का गुबार करीब पांच किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहा था। आग से लाखों के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
शिकोहाबाद शहर के गांव उरमुरा किरार में टायर से तेल निकालने की फैक्टी है। यह फैक्ट्री एसबीएल नाम से है। इसके मालिक वृंदावन के रहने वाले हैं। रोजाना की तरह रविवार को भी फैक्ट्री में मजदूर काम कर रहे थे कि तभी अचानक आग लग गई। कुछ ही समय में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग लगने के समय फैक्ट्री में करीब 30 मजदूर काम कर रहे थे जो बाहर निकल आये। आग लगने से आस पास क्षेत्र में अफरा तफरी मच गई। फैक्ट्री में बड़ी संख्या में टायर व आयल रखे होने के कारण आग इतनी भीषण थी कि उसकी ऊंची ऊंची लपटे और धुंए का गुबार करीब 5 किलो मीटर दूर तक दिखाई देने लगा। सूचना मिलते ही थाना पुलिस व फायर बिग्रेड की कई गाड़ियां भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने आस पास के क्षेत्र को खाली कराया। फायर बिग्रेड की टीम ने आग बुझाने का कार्य शुरू कर दिया। जेसीबी की मदद से फैक्ट्री के रखे टायरों को भी हटाया गया जिससे आग के बढ़ने पर रोक लगाई जा सके। आग कैसे लगी और आग लगने से फैक्ट्री में कितना नुकसान हुआ इसका आंकलन अभी नहीं लग सका है। पुलिस घटना की जांच कर रही है। ग्रामीणों के अनुसार इससे पूर्व वर्ष 2025 में इस फैक्ट्री में आग लगी थी।
सीएफओ सत्येंद्र पांडे ने बताया कि आग लगने का कारण अभी साफ नहीं हो सका है। जहां आग लगी, वहां पंप खराब हो गया है। इसलिए पानी नहीं मिल पा रहा है। अभी तक कोई कैजुअल्टी नहीं है। शुरुआती आशंका है कि मशीन में टायर जलाए जा रहे थे। इसी दौरान निकली चिंगारी से आग लगी होगी।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

