अंजान लिंक से 95 हजार की ठगी, साइबर सेल ने लौटाए 70 हजार

WhatsApp Channel Join Now
अंजान लिंक से 95 हजार की ठगी, साइबर सेल ने लौटाए 70 हजार


मीरजापुर, 22 सितंबर (हि.स.)। अंजान लिंक के जरिए मोबाइल हैक कर की गई 95 हजार रुपये की साइबर ठगी के मामले में चील्ह पुलिस की साइबर सेल ने पीड़ित के खाते में 70 हजार रुपये वापस करा दिए। रकम वापस मिलने पर पीड़ित ने पुलिस टीम के प्रति आभार जताया।

चील्ह थाना क्षेत्र के हुसैनीपुर निवासी भीम पाल ने नौ जुलाई को राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि अंजान लिंक के माध्यम से मोबाइल हैक कर उनके खाते से 95 हजार रुपये की ठगी की गई है। शिकायत मिलने के बाद चील्ह साइबर सेल ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार जांच के दौरान ठगी की रकम में से 70 हजार रुपये को होल्ड कराया गया। इसके बाद मंगलवार को यह धनराशि पीड़ित के खाते में वापस करा दी गई।

पुलिस ने पीड़ित को साइबर ठगी से बचाव के उपायों की जानकारी भी दी। उसे अंजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, संदिग्ध संदेशों से सावधान रहने और साइबर अपराध होने पर तत्काल शिकायत दर्ज कराने के लिए जागरूक किया गया। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में हुई। टीम में प्रभारी निरीक्षक भरत उपाध्याय, उपनिरीक्षक मनोज सिंह और महिला आरक्षी सोनाली पांडेय शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story