गंगा की लहरों से लखनऊ के पूल तक छाया मीरजापुर, तैराकों ने जीते पांच पदक

WhatsApp Channel Join Now
गंगा की लहरों से लखनऊ के पूल तक छाया मीरजापुर, तैराकों ने जीते पांच पदक


मीरजापुर, 01 जून (हि.स.)। सीमित संसाधनों के बावजूद मीरजापुर-चुनार के युवा तैराकों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। लखनऊ में आयोजित केएन कपूर मेमोरियल 67वीं सीनियर उत्तर प्रदेश स्टेट एक्वेटिक चैंपियनशिप में जिले के तैराकों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण, दो रजत और दो कांस्य सहित कुल पांच पदक अपने नाम किए।

30 और 31 मई को आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में मीरजापुर की बेटियों ने विशेष रूप से अपनी प्रतिभा का दमखम दिखाया। शिखा निषाद ने 200 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर जिले का गौरव बढ़ाया। इसके अलावा उन्होंने 200 मीटर इंडिविजुअल मेडले (आईएम) में कांस्य पदक भी हासिल किया।

प्रतियोगिता में अर्चना निषाद ने 400 मीटर आईएम में रजत पदक, वंदना साहनी ने 200 मीटर बटरफ्लाई में रजत पदक तथा कलावती निषाद ने 100 मीटर बटरफ्लाई में कांस्य पदक जीतकर मीरजापुर का परचम लहराया।

टीम कोच एवं मैनेजर सौरभ साहनी ने बताया कि प्रतियोगिता में लालचंद साहनी, किशन साहनी, बाल गंगाधर, कन्हैया साहनी, दीपेश साहनी, हर्ष निषाद और अंजली यादव ने भी भाग लेकर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों की मेहनत और अनुशासन का ही परिणाम है कि टीम लगातार राज्य स्तर पर अपनी पहचान मजबूत कर रही है।

जिला तैराकी संघ के अध्यक्ष कैलाश नाथ ने खिलाड़ियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि चुनार में आज भी अंतरराष्ट्रीय स्तर का तरणताल उपलब्ध नहीं है। इसके बावजूद यहां के खिलाड़ी गंगा नदी में अभ्यास कर राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में पदक जीत रहे हैं। यह उनकी मेहनत, लगन और संघर्ष का जीवंत उदाहरण है।

जिला तैराकी संघ के महामंत्री रामबिलास साहनी ने सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अभिभावकों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता आने वाली पीढ़ी के खिलाड़ियों को भी प्रेरित करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story