जल शक्ति मंत्री ने पूर्व मंत्री स्व. हनुमंत सिंह को दी श्रद्धांजलि, परिजनों से मिल जताया शोक
बलरामपुर, 07 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने शुक्रवार को बलरामपुर पहुंचकर पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वर्गीय हनुमंत सिंह के शारदा कुंज स्थित आवास पर पहुंचकर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने स्वर्गीय हनुमंत सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धापूर्वक स्मरण किया। जल शक्ति मंत्री एक दिवसीय भ्रमण पर शुक्रवार को बलरामपुर पहुंचे थे।
मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने स्वर्गीय हनुमंत सिंह के भाई शिव प्रताप सिंह एवं पुत्र अखिलेश सिंह (गुड्डू) से भेंट कर अपनी शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाते हुए इस कठिन घड़ी में उनके साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय हनुमंत सिंह का सार्वजनिक जीवन और समाज के प्रति उनकी सेवाएं सदैव स्मरणीय रहेंगी। उनके निधन से क्षेत्र और समाज की अपूरणीय क्षति हुई है।
इस अवसर पर भाजयुमो के राष्ट्रीय महामंत्री वैभव सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. आरती तिवारी, भाजपा जिलाध्यक्ष रवि मिश्र, सदर विधायक पलटू राम, उतरौला विधायक राम प्रताप वर्मा, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष डॉ. धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’, ब्लॉक प्रमुख राकेश तिवारी, डीपी सिंह बैंस सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / प्रभाकर कसौधन

