स्वामी अड़गड़ानंद के आगमन से जगतानंद आश्रम में उमड़ा जनसैलाब

WhatsApp Channel Join Now
स्वामी अड़गड़ानंद के आगमन से जगतानंद आश्रम में उमड़ा जनसैलाब


मीरजापुर, 07 अप्रैल (हि.स.)। कछवां के बरौनी स्थित जगतानंद आश्रम में मंगलवार को स्वामी अड़गड़ानंद के आगमन पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। अपराह्न करीब तीन बजे जैसे ही उनके आने की सूचना फैली, क्षेत्र के कोने-कोने से भक्त आश्रम पहुंचने लगे और पूरा परिसर खचाखच भर गया।

कई वर्षों बाद आश्रम पहुंचे स्वामी के दर्शन को लेकर भक्तों में खासा उत्साह दिखा। श्रद्धालु उनके चरणों में शीश नवाकर आशीर्वाद लेते रहे। कई लोगों ने इसे अपने जीवन का सौभाग्यपूर्ण क्षण बताया। बताया जाता है कि वर्ष 1991-92 के बाद स्वामीजी के सक्तेशगढ़ जाने से कछवां व मझवां क्षेत्र के श्रद्धालु लम्बे समय से उनके आगमन की प्रतीक्षा कर रहे थे। बीच-बीच में विशेष अवसरों पर ही उनके दर्शन हो पाते थे।

प्रवचन के दौरान स्वामी अड़गड़ानंद ने श्रीमद्भगवद्गीता के संदेशों पर प्रकाश डालते हुए सदाचार, संयम और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। उनके विचारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। कार्यक्रम के अंत में जयकारों के बीच उनकी विदाई हुई। उनके आगमन से आश्रम में नई ऊर्जा का संचार हुआ और श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story