ननिहाल में युवक की संदिग्ध मौत, पुलिस काे सूचना कर दिये बिना किया अंतिम संस्कार

WhatsApp Channel Join Now
ननिहाल में युवक की संदिग्ध मौत, पुलिस काे सूचना कर दिये बिना किया अंतिम संस्कार


मीरजापुर, 03 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के हलिया थाना क्षेत्र के चक कोटार गांव निवासी 22 वर्षीय युवक की ननिहाल में शनिवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजन में कोहराम मच गया। परिजन ने बिना पुलिस को सूचना दिए रविवार को शव का अंतिम संस्कार कर दिया।

बताया गया कि चक कोटार निवासी राजपति का पुत्र रविशंकर शनिवार रात करीब नौ बजे प्रयागराज जनपद के कोरांव थाना क्षेत्र स्थित रामगढ़ अपने ननिहाल गया था। रात में अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई, जिस पर परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोरांव ले गए, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।

इसके बाद परिजन शव को गांव लाकर बिना पुलिस को सूचना दिए अंतिम संस्कार कर दिए। परिजनों के अनुसार युवक की मौत सीने में अचानक तकलीफ होने से हुई है। मृतक दो भाइयों में बड़ा था और अविवाहित था।

ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सूरज मौर्य ने बताया कि युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई है। बिना पुलिस को सूचना दिए अंतिम संस्कार किए जाने से मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story