बाल संरक्षण गृह व जिला कारागार का जनपद न्यायाधीश, डीएम और एसपी ने किया औचक निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
बाल संरक्षण गृह व जिला कारागार का जनपद न्यायाधीश, डीएम और एसपी ने किया औचक निरीक्षण


मीरजापुर, 29 जून (हि.स.)। जनपद न्यायाधीश अनुपम कुमार, जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार और पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने सोमवार को संयुक्त रूप से राजकीय बाल संरक्षण गृह एवं जिला कारागार का आकस्मिक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बाल संरक्षण गृह में बच्चों से बातचीत कर भोजन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेलकूद और अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। रसोई, स्टोर, शौचालय और साफ-सफाई व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। मुख्य चिकित्साधिकारी को बच्चों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने तथा जिला प्रोबेशन अधिकारी को लंबित मामलों की पैरवी में तेजी लाने के निर्देश दिए।

इसके बाद अधिकारियों ने जिला कारागार पहुंचकर विभिन्न बैरकों, अस्पताल और रसोई का निरीक्षण किया। बंदियों से बातचीत कर उन्हें मिलने वाली सुविधाओं, भोजन की गुणवत्ता और उपचार की जानकारी ली तथा उनकी समस्याएं सुनकर आवश्यक निर्देश दिए। जनपद न्यायाधीश ने पात्र बंदियों को निःशुल्क शासकीय अधिवक्ता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। महिला बैरक का भी निरीक्षण कर वहां निरुद्ध महिलाओं की समस्याएं सुनीं। निरीक्षण के दौरान मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट राहुल कुमार सिंह, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव आनंद कुमार, मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. कीर्ति कुमार मिश्र और जिला प्रोबेशन अधिकारी दिलीप सोनकर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story