मीरजापुर के गड़बड़ा धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, मां शीतला के दरबार में पहुंचे 30 हजार श्रद्धालु
मीरजापुर, 16 नवंबर (हि.स.)। छठ पूजा और कार्तिक शुक्ल पक्ष सप्तमी के अवसर पर सोमवार को हलिया क्षेत्र के प्रसिद्ध गड़बड़ा शीतला धाम में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। मां शीतला के दर्शन के लिए करीब 30 हजार श्रद्धालु पहुंचे। मंदिर का कपाट खुलते ही भक्तों की लंबी कतार लग गई। दिनभर मंदिर परिसर मां के जयकारों और घंटा-घड़ियाल की ध्वनि से गूंजता रहा।
दूर-दराज के गांवों और दूसरे जनपदों से पहुंचे महिला, पुरुष और बच्चों ने विधि-विधान से मां शीतला की पूजा-अर्चना की। श्रद्धालुओं ने माला, फूल, नारियल, चुनरी, हलुवा और पूरी चढ़ाकर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। परंपरा के अनुसार बड़ी संख्या में भक्तों ने पहले सेवटी नदी में स्नान किया। इसके बाद मां के दरबार में पहुंचकर मत्था टेका। दर्शन के लिए श्रद्धालुओं को कतारबद्ध किया गया। मां की एक झलक पाने के लिए भक्तों को घंटों इंतजार करना पड़ा।
दर्शन-पूजन के बाद श्रद्धालुओं ने मेले का भी आनंद लिया। लोगों ने लकड़ी से बने घरेलू उपकरणों की खरीदारी की तो बच्चों ने तरह-तरह के खिलौने खरीदे। मंदिर प्रबंधक प्रकाश चंद्र शुक्ला, ज्ञान चंद्र शुक्ल और सुभाष चंद्र शुक्ल सीसीटीवी कैमरों से व्यवस्था पर नजर बनाए रहे। सुरक्षा के भी इंतजाम किए गए थे। हालांकि, भारी भीड़ के बीच मंदिर परिसर में गंदगी का अंबार लगा रहा। शुद्ध पेयजल की व्यवस्था नहीं होने और शौचालय क्षतिग्रस्त होने से श्रद्धालुओं को काफी परेशानी उठानी पड़ी। लोगों को पानी और शौचालय के लिए इधर-उधर भटकना पड़ा। मंदिर के पुजारी मंगल धारी ने बताया कि सुबह से शाम तक करीब 30 हजार श्रद्धालुओं ने मां शीतला का दर्शन-पूजन किया। अभी भक्ताें का आना लगा हुआ है।
------------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

