राहुल गांधी से मिले लोकदल अध्यक्ष सुनील सिंह, आगामी विधानसभा चुनाव और किसानों के मुद्दों पर चर्चा
लखनऊ, 22 सितंबर (हि.स.)। लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व एमएलसी चौधरी सुनील सिंह ने मंगलवार को नई दिल्ली में कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की। इस दौरान उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव, गठबंधन में लोकदल की भूमिका और सीटों से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई।
लोकदल की ओर से जारी बयान के अनुसार, बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों, विपक्षी दलों के बीच समन्वय और गठबंधन में लोकदल की राजनीतिक भागीदारी पर विचार-विमर्श किया गया। सुनील सिंह ने गठबंधन में पार्टी के सम्मान, राजनीतिक पहचान और हिस्सेदारी से जुड़े विषयों पर अपना पक्ष रखा।
बैठक में पंचायत चुनाव और पंचायतों को उनके संवैधानिक अधिकार दिलाने का मुद्दा भी उठाया गया। 73वें और 74वें संविधान संशोधनों की भावना के अनुरूप पंचायतों एवं स्थानीय निकायों को अधिकार और प्रभावी भूमिका दिए जाने की आवश्यकता पर चर्चा हुई।
दोनों नेताओं ने किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़े मुद्दों के अलावा रोजगार, महंगाई तथा आम जनता से संबंधित विषयों पर भी विचार-विमर्श किया। लोकदल के अनुसार, आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी की भूमिका, गठबंधन में भागीदारी तथा किसानों और पंचायतों से जुड़े सवाल बैठक के प्रमुख विषय रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

