सुल्तानपुर में नदी में वृद्ध और नहर में मिला युवती का शव,पुलिस कर रही जांच

WhatsApp Channel Join Now
सुल्तानपुर में नदी में वृद्ध और नहर में मिला युवती का शव,पुलिस कर रही जांच


सुलतानपुर, 04 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले में सोमवार को नदी और नहर से दो शव बरामद हुए हैं। इनमें चांदा थाना क्षेत्र के कोइरीपुर स्थित पीली नदी में एक वृद्ध का शव मिला जबकि शिवगढ़ के बेलाही नहर में एक युवती का शव मिला है। पुलिस जांच कर रही है।

चांदा कोतवाली क्षेत्र के नगर पंचायत कोइरीपुर स्थित जालपा मंदिर के पास पीली नदी में एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। सूचना पर चांदा पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। सीओ लंभुआ ऋतिक कपूर और कोतवाली प्रभारी अमित कुमार मिश्रा की मौजूदगी में शव को नदी से बाहर निकाला गया। सोशल मीडिया पर फोटो वायरल होने के बाद मृतक की बहन रीमा ने अपनी ससुराल से आकर शव की पहचान नन्हे बनरवाल (50 ) पुत्र साधुराम बनरवाल, निवासी कंचन नगर कोइरीपुर के रूप में की। नन्हे बनरवाल कबाड़ बीनने का काम करते थे। वह अविवाहित थे और घर पर अकेले रहते थे, जबकि उनके बड़े भाई मुंबई में रहते हैं।

उधर शिवगढ़ थाना क्षेत्र में सकवा और अर्जुनपुर के बीच शंभूगंज-कामतागंज रोड पर बेलाही नहर में एक युवती का शव मिला। स्थानीय लोगों ने शव देखकर तत्काल शिवगढ़ पुलिस को सूचना दी। युवती ने काले रंग का ब्लाउज या सूट/साड़ी पहन रखी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए हैं।

इससे पहले रविवार को धम्मौर के महेशरगंज नहर में एक अज्ञात शव बहता हुआ देखा गया था, जबकि लंभुआ कोतवाली क्षेत्र के मोहना में तालाब में अर्पित गुप्ता पुत्र श्रीनाथ गुप्ता(14वर्ष), निवासी ग्राम पथरा, कोतवाली लंभुआ का शव मिला था। उसकी आंख और शरीर पर चोट के निशान मिले थे। परिजनों के अनुसार शनिवार को मृतक गुरुदेव वर्मा निवासी नारायणपुर के यहां प्याज खोदने गया हुआ था दोपहर बाद से उसका पता नहीं चल पा रहा था। स्थानीय पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त

Share this story