बैतालपुर चीनी मिल को तत्काल चालू कराने की मांग को लेकर किसानों ने किया प्रदर्शन
देवरिया, 04 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में चीनी मिल चलाओ संघर्ष समिति के संयोजन में शनिवार को बैतालपुर चीनी मिल को तत्काल चालू कराने की मांग को लेकर किसानों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान किसानों का जत्था नारेबाजी करते हुए आगे बढ़ा और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन प्रशासन को सौंपा।
प्रदर्शन कि अध्यक्षता के रहे बृजेंद्र मणि त्रिपाठी ने कहा कि बैतालपुर चीनी मिल को पूर्ववर्ती सरकार द्वारा डायनेमिक शुगर इंडस्ट्रीज को स्लंप सेल एग्रीमेंट के तहत इस शर्त पर बेचा था कि उसे नवीनीकरण कर पुनः संचालित किया जाएगा। किसानों ने आरोप लगाया कि पिछले लगभग नौ वर्षों से वे लगातार मिल को चालू कराने की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से चार बार मिल चलाने की घोषणा की जा चुकी है, बावजूद इसके मामला न्यायालय में लंबित होने का हवाला देकर कार्रवाई नहीं की जा रही है। जबकि उच्चतम न्यायालय ने वर्ष 2016 के अंतरिम आदेश में स्पष्ट किया है कि मिल संचालन में कोई बाधा नहीं है।
वक्ताओं ने कहा कि एग्रीमेंट के अनुसार यदि मिल संचालित नहीं होती है तो सरकार को अधिकार है कि वह अनुबंध निरस्त कर स्वयं मिल चलाए या क्रेता से चलवाए। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही मिल संचालन की प्रक्रिया शुरू नहीं की गई तो वे सड़क पर उतरकर आंदोलन को तेज करेंगे, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
अवधेशमणि त्रिपाठी के संयोजन में हुए इस प्रदर्शन में विकास दुबे, के. शवमणि त्रिपाठी, कलेक्टर शर्मा, रत्नेश मिश्रा, जय सिंह, विजय कुमार सिंह, विनय कुमार मिश्रा, अशोक मालवीय, बरकत अली, जगदीश यादव, राम इकबाल चौहान, राम प्रीत कनौजिया, जयप्रकाश गुप्ता, विजय शंकर कर्मयोगी, ध्रुव देव यादव, आनंद चौरसिया, विवेक कुमार गुप्ता, हरिराम यादव सहित अनेक किसान उपस्थित रहे।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

