मीरजापुर, : अधिवक्ता की अचानक मौत से परिवार में मचा कोहराम
मीरजापुर, 22 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के चील्ह थाना क्षेत्र के श्रीपट्टी गांव निवासी 40 वर्षीय अधिवक्ता आनंद कुमार दुबे उर्फ राजन की बुधवार देर शाम अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिजन में कोहराम मच गया। वहीं, गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
स्वर्गीय नागेंद्र दुबे के पुत्र आनंद कुमार दुबे बुधवार शाम करीब पांच बजे कचहरी से घर लौटे थे। शाम सात बजे अचानक उन्हें बेचैनी महसूस हुई और तबीयत बिगड़ने लगी। परिजन आनन-फानन में उन्हें निजी वाहन से मंडलीय अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक तौर पर मौत की वजह हृदय गति रुकना बताई जा रही है।
आनंद कुमार दुबे तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। उनके एक पुत्र और एक पुत्री हैं। मिलनसार स्वभाव और हंसमुख व्यक्तित्व के कारण वह लोगों के बीच लोकप्रिय थे। उनकी अचानक मौत से परिवार के साथ ही गांव के लोग भी स्तब्ध हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

