संदिग्ध परिस्थितियों में अधेड़ ने लगाई फांसी

WhatsApp Channel Join Now
संदिग्ध परिस्थितियों में अधेड़ ने लगाई फांसी


मीरजापुर, 26 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर में जिगना थाना क्षेत्र के कुशहां गांव के मवैया मजरा में बुधवार रात एक अधेड़ ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं जारी है।

गांव निवासी 42 वर्षीय कमलेश पुत्र स्वर्गीय गुलाब का शव उसके घर के कमरे में गाटर के हुक से गमछे के सहारे लटकता मिला। परिजनों के अनुसार काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला तो शक हुआ। रौशनदान से झांककर देखा गया तो कमलेश का शव लटका देख परिवार वालों के होश उड़ गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतरवाया।

कमलेश मेहनत मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। वह अपने पीछे पत्नी हीरावती, 17 वर्षीय बेटी करिश्मा और पांच वर्षीय बेटा प्रियांशु को छोड़ गया है। पति का शव देखते ही पत्नी की चीख निकल गई और घर में कोहराम मच गया। मृतक चार भाइयों में सबसे छोटा बताया गया है।

घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं, हालांकि आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। बड़े भाई कृष्ण कुमार की तहरीर पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

प्रभारी थानाध्यक्ष आत्माराम ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story