दुर्व्यवहार और लापरवाही के आरोप में चौकी प्रभारी निलंबित, विभागीय जांच के आदेश

WhatsApp Channel Join Now
दुर्व्यवहार और लापरवाही के आरोप में चौकी प्रभारी निलंबित, विभागीय जांच के आदेश


श्रावस्ती, 13 नवंबर (हि.स.)। पुलिस विभाग में अनुशासनहीनता और पदीय कर्तव्यों के प्रति लापरवाही के आरोप में पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने भिनगा कोतवाली क्षेत्र की भंगहा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अमित प्रताप सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही उनके विरुद्ध विभागीय जांच के आदेश भी दिए हैं।

मनिकापुर निवासी पुत्तू लाल ने पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायती प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया था कि 10 नवंबर की रात चौकी प्रभारी अमित प्रताप सिंह ने उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज और दुर्व्यवहार किया। शिकायत का संज्ञान लेते हुए मामले की जांच कराई गई, जिसमें पदीय कर्तव्यों के प्रति घोर लापरवाही एवं अनियमितता के आरोप सामने आए।

मामले को गंभीर कदाचार मानते हुए पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने उपनिरीक्षक को निलंबित कर दिया तथा उनके खिलाफ विभागीय जांच के निर्देश दिए हैं, ताकि प्रकरण के सभी पहलुओं की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच हो सके।

इस कार्रवाई से पुलिस विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि विभागीय कार्यप्रणाली में अनुशासन, पारदर्शिता और शुचिता बनाए रखने के लिए लापरवाही एवं अनियमितता के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776615 Articles

Share this story