भव्य गणित प्रदर्शनी का आयोजन: छात्रों ने पाइथागोरस प्रमेय व 3D ज्यामिति पर बनाए आकर्षक मॉडल

WhatsApp Channel Join Now
भव्य गणित प्रदर्शनी का आयोजन: छात्रों ने पाइथागोरस प्रमेय व 3D ज्यामिति पर बनाए आकर्षक मॉडल


फिरोजाबाद, 18 अक्टूबर (हि.स.)। शिकोहाबाद शहर के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान द एशियन स्कूल के प्रांगण में रविवार को एक भव्य गणित प्रदर्शनी (मैथ्स एग्जिबिशन) का सफल आयोजन हुआ। इस प्रदर्शनी में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने गणित जैसे विषय को व्यावहारिक, सरल और मनोरंजक रूप में प्रस्तुत करते हुए कई ज्ञानवर्धक व कार्यशील मॉडल प्रदर्शित किए।

प्रदर्शनी का उद्घाटन मुख्य अतिथि इंस्पेक्टर क्राइम कृष्ण स्वरूप पाल ने किया। उन्होंने प्रदर्शनी में लगाए गए प्रत्येक स्टॉल पर जाकर बच्चों द्वारा बनाए गए सभी गणितीय मॉडलों का गहनता से अवलोकन किया और विद्यार्थियों से उनकी कार्यप्रणाली के संबंध में चर्चा की। छात्रों ने अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का प्रदर्शन करते हुए गणित के विभिन्न सिद्धांतों पर आधारित मॉडल तैयार किए। इनमें मुख्य रूप से पाइथागोरस प्रमेय का व्यावहारिक सत्यापन, 3D (त्रिविमीय) ज्यामितीय आकृतियाँ, वैदिक गणित की तीव्र गणना तकनीकें, बीजगणितीय समीकरणों के मॉडल तथा दैनिक जीवन में गणित की उपयोगिता को दर्शाते प्रोजेक्ट्स शामिल रहे।

विद्यालय के प्रिंसिपल राजेंद्र सिंह ने कहा गणित केवल किताबों और आंकड़ों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारे दैनिक जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इस तरह के आयोजनों से छात्रों के भीतर तार्किक सोच, विश्लेषणात्मक क्षमता और विषय के प्रति रुचि का विकास होता है। हमारे विद्यार्थियों ने जिस लगन और मेहनत से ये मॉडल तैयार किए हैं, वह सराहनीय है। मुख्य अतिथि इंस्पेक्टर क्राइम कृष्ण स्वरूप पाल ने बच्चों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे व्यावहारिक आयोजन छात्रों के बौद्धिक एवं मानसिक विकास में अत्यंत सहायक सिद्ध होते हैं।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन एवं प्रिंसिपल राजेंद्र सिंह ने मुख्य अतिथि, आमंत्रित गणमान्य व्यक्तियों, अध्यापकों व अभिभावकों का धन्यवाद ज्ञापित किया।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763221 Articles

Share this story