हादसे में घायल छात्र ने तोड़ा दम, नाै दिन बाद बुझ गई जिंदगी की लौ

WhatsApp Channel Join Now
हादसे में घायल छात्र ने तोड़ा दम, नाै दिन बाद बुझ गई जिंदगी की लौ


मीरजापुर, 03 मई (हि.स.)। चुनार कोतवाली क्षेत्र में सड़क हादसे में घायल किशोर की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है।

बगहां गांव निवासी 13 वर्षीय किशन तिवारी, जो कक्षा 7 का छात्र था, 24 अप्रैल को स्कूल से घर लौट रहा था। दोपहर करीब 12:30 बजे तेलिया नाला के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार मालवाहक मैजिक ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद परिजन उसे पहले स्थानीय चिकित्सक के पास ले गए, जहां से हालत गंभीर देखते हुए वाराणसी रेफर कर दिया गया। वाराणसी के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान शनिवार को किशोर ने दम तोड़ दिया। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया। किशन की मौत से परिवार में शोक की लहर है।

चुनार कोतवाल विजय शंकर सिंह ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज है। अब किशोर की मौत के बाद संबंधित धाराओं में बढ़ोतरी की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story