जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने आदित्य यादव और संध्या काे साइकिल देकर किया सम्मान
वाराणसी, 02 अप्रैल (हि. स.)। वाराणसी में खरावन गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में आयोजित वार्षिकोत्सव कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रहे जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनुराग श्रीवास्तव और खण्ड शिक्षा अधिकारी विजय प्रकाश यादव ने दीप प्रज्वलन कर शुभारम्भ किया। कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। विशेष रूप से मां काली का भव्य रूप धारण कर रक्तबीज का संहार प्रस्तुत किया गया, जिसने उपस्थित सभी लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके अलावा योगा प्रस्तुति भी आकर्षण का केंद्र रही।
वार्षिक उत्सव में विद्यार्थियों ने हिंदी एवं अंग्रेजी में प्रभावशाली भाषण देकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। मुख्य अतिथियों ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व के बारे में बताया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के अंत में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने कक्षा पांच के उत्तीर्ण छात्र बालक वर्ग में आदित्य यादव एवं बालिका वर्ग में संध्या को साइकिल प्रदान कर सम्मानित किया तथा एक से पांच तक के सभी प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों को ट्रॉफी के साथ स्कूल बैग दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शरद

