मीरजापुर: बूथ मजबूत तो मिशन 2027 की राह आसान, भाजपा ने बनाई रणनीति

WhatsApp Channel Join Now
मीरजापुर: बूथ मजबूत तो मिशन 2027 की राह आसान, भाजपा ने बनाई रणनीति


मीरजापुर, 12 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में विकासखंड पहाड़ी के ब्लॉक सभागार में शनिवार को सेवा संकल्प पखवाड़ा के तहत भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पहाड़ी मंडल की बैठक हुई। इसमें आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की रणनीति तैयार की गई।

मुख्य अतिथि उत्तर मौर्य प्रभारी प्रयागराज गंगापार और विशिष्ट अतिथि मझवां विधायक सुचिस्मिता मौर्य ने कार्यकर्ताओं से संवाद कर बूथ स्तर की गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए प्रत्येक बूथ पर कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। बूथ मजबूत होने पर ही मिशन-2027 को सफल बनाया जा सकता है।

बैठक में कार्यकर्ताओं से अभी से जनसंपर्क अभियान तेज करने और संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने का आह्वान किया गया। सेवा संकल्प पखवाड़ा के तहत जनसेवा कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने पर भी जोर दिया गया।

मंडल अध्यक्ष अशोक मौर्य ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को मजबूत बनाने की अपील की। इस दौरान आशीष दुबे, ज्ञान प्रकाश सिंह, रमेश शुक्ला, रमाशंकर दुबे, डब्बू सिंह, देवेंद्र प्रताप सिंह, संदीप कुमार, अंबिका सिंह समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story