सुरक्षा और सुविधाओं के साथ प्लास्टिक मुक्त होगा विंध्याचल मेला : मुख्यमंत्री याेगी

WhatsApp Channel Join Now
सुरक्षा और सुविधाओं के साथ प्लास्टिक मुक्त होगा विंध्याचल मेला : मुख्यमंत्री याेगी


मीरजापुर, 17 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को विंध्याचल स्थित अष्टभुजा डाक बंगले में आगामी चैत्र नवरात्र मेले की तैयारियों को लेकर अधिकारियों संग समीक्षा बैठक की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि मेला क्षेत्र सहित पूरे जनपद को प्लास्टिक मुक्त बनाया जाए और श्रद्धालुओं के सामने स्वच्छ व सुंदर विंध्याचल का प्रस्तुतीकरण हो।

मुख्यमंत्री ने नगर पालिका व पंचायती राज विभाग को मेला क्षेत्र और घाटों पर विशेष साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन की व्यवस्था लागू करने और बस व रेलवे स्टेशनों सहित प्रमुख सड़कों के सुंदरीकरण पर भी जोर दिया गया। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उन्होंने निर्देश दिया कि सामान्य श्रद्धालुओं के साथ महिलाओं की सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम किए जाएं। गंगा नदी में सुरक्षा के मद्देनजर एनडीआरएफ व एसडीआरएफ की पर्याप्त तैनाती के साथ श्रद्धालुओं को लाइफ जैकेट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रद्धालुओं को पेयजल, शौचालय, बिजली और प्रकाश जैसी सभी मूलभूत सुविधाएं सुचारु रूप से मिलनी चाहिए। गर्मी को देखते हुए पूरे जनपद में पर्याप्त पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए। साथ ही पार्किंग की समुचित व्यवस्था करने पर जोर दिया गया, ताकि श्रद्धालुओं को दर्शन के लिए अधिक दूरी पैदल न तय करनी पड़े।

उन्होंने श्रद्धालुओं के सामान की सुरक्षा, होर्डिंग्स के माध्यम से सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। गो तस्करी व अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई करते हुए मास्टरमाइंड तक पहुंचने पर बल दिया।

बैठक में विकास कार्यों को समयबद्ध व गुणवत्ता के साथ पूरा करने, पुराने राजस्व वादों के निस्तारण, जनप्रतिनिधियों व उद्यमियों के साथ संवाद स्थापित कर समस्याओं के समाधान तथा नए निवेशकों को भूमि उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story