मीरजापुर : प्रदेश स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता शुरू, 13 मंडलों के पहलवान दिखा रहे दमखम

WhatsApp Channel Join Now
मीरजापुर : प्रदेश स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता शुरू, 13 मंडलों के पहलवान दिखा रहे दमखम


- मंडलायुक्त राजेश प्रकाश ने किया उद्घाटन, खिलाड़ियों को अनुशासन और डोपिंग के प्रति किया जागरूक

मीरजापुर, 13 अक्टूबर (हि.स.)। पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर मंगलवार को बरसखुरी पहाड़ी स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम में प्रदेश स्तरीय सीनियर पुरुष कुश्ती प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। खेल निदेशालय और उत्तर प्रदेश कुश्ती संघ के समन्वय से आयोजित प्रतियोगिता का उद्घाटन मंडलायुक्त राजेश प्रकाश ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर पहली कुश्ती का हाथ मिलाकर शुभारंभ किया।

मंडलायुक्त ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए अनुशासन और डोपिंग से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया। क्षेत्रीय खेल कार्यालय की ओर से मुख्य अतिथि को अंगवस्त्र, पगड़ी और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में वाराणसी, आजमगढ़, गोरखपुर, बस्ती, प्रयागराज, मेरठ, मुरादाबाद, सहारनपुर, अयोध्या, गोंडा, आगरा, अलीगढ़ और विंध्याचल मंडल सहित कुल 13 मंडलों की टीमों के पहलवान हिस्सा ले रहे हैं।

पहले दिन 57 किलोग्राम भार वर्ग में मेरठ के आदेश शर्मा ने गोंडा के नितिन राय को 2-0 से हराया। इसी वर्ग में मीरजापुर के रतन यादव ने बस्ती के सत्यम को 5-0 से शिकस्त दी। 63 किलोग्राम भार वर्ग में मुरादाबाद के सोनू ने प्रयागराज के पंकज यादव को 1-0 से, जबकि वाराणसी के बलराम यादव ने गोंडा के नितेश यादव को 3-0 से हराया। अयोध्या के विश्वजीत ने बस्ती के जोगिंद्र यादव को 5-2 से पराजित किया। कार्यक्रम में कुश्ती संघ और विभिन्न खेल संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे। शेष मुकाबले बुधवार, 14 अक्टूबर को सुबह 9:30 बजे से होंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760346 Articles

Share this story