देवीपाटन की दीप्ति बनीं बलरामपुर की पहचान, राज्य स्तरीय कहानी प्रतियोगिता में चयन

WhatsApp Channel Join Now
देवीपाटन की दीप्ति बनीं बलरामपुर की पहचान, राज्य स्तरीय कहानी प्रतियोगिता में चयन


बलरामपुर, 22 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बलरामपुर की प्रतिभा एक बार फिर प्रदेश स्तर पर चमकी हैं। तुलसीपुर क्षेत्र स्थित देवीपाटन के पूर्व माध्यमिक विद्यालय की सहायक अध्यापिका दीप्ति अग्रवाल का चयन लखनऊ में आयोजित राज्य स्तरीय कहानी प्रतियोगिता में हुआ है। यह उपलब्धि न केवल जिले के लिए गर्व का विषय है, बल्कि महिला सशक्तिकरण और शिक्षा के क्षेत्र में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी की एक प्रेरणादायक मिसाल भी बन गई है।

बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा 10, 11 और 12 अप्रैल को लखनऊ में आयोजित इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेश भर से चयनित शिक्षकों ने हिस्सा लिया। प्रत्येक जनपद से दो शिक्षकों का चयन स्थानीय स्तर पर प्रतियोगिता आयोजित कर किया गया था। बलरामपुर से कंपोजिट विद्यालय तुलसीपुर की शिक्षिका कुसुम कुमारी और पूर्व माध्यमिक विद्यालय देवीपाटन की सहायक अध्यापिका दीप्ति अग्रवाल को इस प्रतिष्ठित मंच पर भेजा गया।

दीप्ति अग्रवाल ने अपनी रचनात्मकता, संवेदनशीलता और सामाजिक सरोकारों को कहानी के माध्यम से जिस तरह प्रस्तुत किया, उसने उन्हें राज्य स्तर तक पहुंचाया। चयन की सूचना मिलते ही शिक्षा विभाग और शिक्षकों में खुशी की लहर दौड़ गई। सहकर्मियों ने इसे जिले की उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह सफलता अन्य महिला शिक्षकों और छात्राओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।

दीप्ति अग्रवाल ने अपनी खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनके लिए ही नहीं, बल्कि उन सभी बेटियों और महिलाओं के लिए है जो अपने सपनों को साकार करने के लिए संघर्ष कर रही हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल ज्ञान का माध्यम नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता और आत्मविश्वास की कुंजी है।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रभाकर कसौधन

Share this story