व्हीलचेयर पर चौके-छक्के जड़ेंगे तीन राज्यों के दिव्यांग क्रिकेटर

WhatsApp Channel Join Now
व्हीलचेयर पर चौके-छक्के जड़ेंगे तीन राज्यों के दिव्यांग क्रिकेटर


- पहली बार मीरजापुर में होगा व्हीलचेयर क्रिकेट टूर्नामेंट, यूपी, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी दिखाएंगे हुनर

मीरजापुर, 25 नवंबर (हि.स.)। हौसलों के आगे शारीरिक चुनौतियां भी घुटने टेक देती हैं। इसी जज्बे की झलक मीरजापुर में पहली बार आयोजित होने वाले व्हीलचेयर क्रिकेट टूर्नामेंट में देखने को मिलेगी। इसमें उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के दिव्यांग खिलाड़ी व्हीलचेयर पर बैठकर बल्ले और गेंद से अपना दमखम दिखाएंगे। टूर्नामेंट के जरिए खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा साबित करने के साथ आगे बढ़ने का नया मंच मिलेगा।

मां विंध्यवासिनी एजुकेशनल एंड दिव्यांग स्पोर्ट्स ट्रस्ट के अध्यक्ष बुद्धिराम ने बताया कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य दिव्यांग खिलाड़ियों को खेल के क्षेत्र में प्रोत्साहित करना और उनकी प्रतिभा को पहचान दिलाना है। इसके माध्यम से खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

टूर्नामेंट का आयोजन मां विंध्यवासिनी एजुकेशनल एंड दिव्यांग स्पोर्ट्स ट्रस्ट और ताज विकलांग सेवा समिति के संयुक्त सहयोग से किया जा रहा है। आयोजकों का कहना है कि प्रतिभा किसी शारीरिक सीमा की मोहताज नहीं होती। जरूरत है तो केवल अवसर, संसाधन और प्रोत्साहन की।

व्हीलचेयर पर बैठकर क्रिकेट खेलते खिलाड़ी न सिर्फ अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे, बल्कि समाज को समानता और सम्मान का संदेश भी देंगे। यह आयोजन दिव्यांग खिलाड़ियों के आत्मविश्वास को बढ़ाने और उनकी प्रतिभा को व्यापक पहचान दिलाने की दिशा में पहल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783159 Articles

Share this story