द नेक्स्टलीप स्टार्टअप का उद्देश्य युवाओं में नए व्यावसायिक विचारों को प्रोत्साहित करना - डॉ. पी.वी. राजीव
वाराणसी, 21 अगस्त (हि. स.)। वाराणसी में भगवानपुर में शुक्रवार को सनबीम कॉलेज फॉर वूमेन परिसर में ‘द नेक्स्टलीप : विकसित भारत–2047’ स्टार्टअप शो कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के डॉ. पी.वी. राजीव ने कहा कि ‘द नेक्स्टलीप : विकसित भारत–2047’ स्टार्टअप शो का उद्देश्य युवाओं में उद्यमिता, नवाचार, नेतृत्व क्षमता एवं नए व्यावसायिक विचारों को प्रोत्साहित करना तथा विकसित भारत के निर्माण में युवा शक्ति की भूमिका को सशक्त बनाना रहा।
कार्यक्रम में वाराणसी के विभिन्न प्रतिष्ठित क्षेत्रों से जुड़े पीयूष कोठारी (वाराणसी कार्पेट्स), सीए राज अग्रवाल (स्टडी एट होम), डॉ. स्नेहा गुप्ता (एटॉमिक ग्रुप) तथा अनुपम रघुवंशी ने अपना विषय रखा। वही, काशी हिंदू विश्वविद्यालय, स्कूल ऑफ मैनेजमेंट साइंसेज, अशोका इंस्टीट्यूट, शेपा सहित वाराणसी के विभिन्न महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने कार्यक्रम उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने अपने नवाचारी विचारों, स्टार्टअप अवधारणाओं एवं उद्यमशील दृष्टिकोण को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के आयोजन एवं समन्वय में प्रतिमा गुप्ता, सहायक निदेशक, तथा संदीप मुखर्जी, मुख्य परिचालन अधिकारी, सनबीम ग्रुप ऑफ एजुकेशनल इंस्टीट्यूशंस की महत्वपूर्ण भूमिका रही। समापन अवसर पर सनबीम कॉलेज फॉर वूमेन के प्राचार्य डॉ. सौरभ सेन ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए सभी अतिथियों, प्रतिभागी विद्यार्थियों, सहयोगी संस्थानों एवं प्रायोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शरद

