लॉ कॉलेजों के मानकों की होगी जांच, मां विन्ध्यवासिनी विवि ने बनाई टीम

WhatsApp Channel Join Now
लॉ कॉलेजों के मानकों की होगी जांच, मां विन्ध्यवासिनी विवि ने बनाई टीम


मीरजापुर, 01 अगस्त (हि.स.)। मां विन्ध्यवासिनी विश्वविद्यालय से संबद्ध मीरजापुर और सोनभद्र के लॉ कॉलेजों में बार काउंसिल ऑफ इंडिया के मानकों की जांच होगी। विश्वविद्यालय को दोनों जिलों के कॉलेजों में आधारभूत सुविधाओं, शिक्षक-छात्र अनुपात, कक्षाओं की व्यवस्था और बार काउंसिल की गाइडलाइन के अनुपालन की जांच कर रिपोर्ट सौंपने की जिम्मेदारी दी गई है।

कुलपति प्रो. शोभा गौड़ ने शनिवार काे बताया कि जांच के दौरान यह देखा जाएगा कि कॉलेज निर्धारित मानकों का पालन कर रहे हैं या नहीं। यदि कोई संस्थान मानकों के विपरीत पाया गया तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।

उन्होंने बताया कि लॉ कॉलेजों में मानकों के पालन को लेकर दायर एक याचिका पर सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद बार काउंसिल ऑफ इंडिया ने सभी विश्वविद्यालयों को जांच कराने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में विश्वविद्यालय स्तर पर जांच की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। जांच कार्य के लिए कुलसचिव राम नारायण को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। उनके नेतृत्व में गठित टीम संबद्ध लॉ कॉलेजों का निरीक्षण कर विस्तृत रिपोर्ट तैयार करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story