खेल के सितारों से सजा मंच, मीरजापुर के पदकवीरों का हुआ सम्मान
मीरजापुर, 09 अगस्त (हि.स.)। मीरजापुर के खेल जगत के लिए रविवार का दिन खास रहा। जिला ओलंपिक संघ के स्वर्ण जयंती वर्ष के अवसर पर जिला सहकारी बैंक, कचहरी परिसर के सभागार में आयोजित वार्षिक समारोह में खेल प्रतिभाओं का सम्मान हुआ। प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल ने राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
मंत्री आशीष पटेल ने कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और राष्ट्र निर्माण की नींव है। मीरजापुर के खिलाड़ियों ने प्रदेश और देश ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए सरकार हरसंभव सहयोग करेगी।
समारोह में अंतरराष्ट्रीय पावरलिफ्टिंग खिलाड़ी निधि सिंह पटेल को जिला ओलंपिक संघ की कार्यकारिणी सदस्य घोषित किया गया। इस घोषणा के बाद खेल जगत से जुड़े लोगों ने उनका स्वागत किया।
सम्मानित खिलाड़ियों में एथलेटिक्स के सचिन कुमार, विनय कुमार और विकास कुमार, वॉलीबाल में राष्ट्रीय स्तर की स्वर्ण पदक विजेता कुसुम कुमारी, संध्या सिंह और अपराजिता, कबड्डी की राष्ट्रीय खिलाड़ी रागिनी, पावरलिफ्टिंग में ज्योति यादव, तैराकी में रजत पदक विजेता ज्योति यादव तथा स्वर्ण पदक विजेता नीतेश निषाद शामिल रहे। योगासन में अश्वनी कुमार पांडेय और ज्वाला प्रसाद यादव ने विश्व चैंपियनशिप में प्रतिभाग कर जिले का गौरव बढ़ाया।
समारोह में जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष डॉ. जगदीश सिंह पटेल, नगर मजिस्ट्रेट अविनाश कुमार, संयुक्त सचिव एसपी त्रिपाठी, पूर्व चेयरमैन विजय वर्मा, दुर्गेश पटेल, लाल बहादुर सिंह पटेल, उदय पटेल, जिला खेल अधिकारी समेत विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी, प्रशिक्षक, खिलाड़ी और खेल प्रेमी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन अनिल कुमार सिंह ‘ग्रीन गुरु’ और राकेश त्रिपाठी ने किया। समारोह में खिलाड़ियों के साथ उनके कोच और अभिभावकों की मौजूदगी ने माहौल को और खास बना दिया। सम्मान मिलने पर खिलाड़ियों में भी उत्साह देखने को मिला।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

