कुत्तों से जान बचाकर घर में घुसा बारहसिंगा, देखने उमड़े ग्रामीण

WhatsApp Channel Join Now
कुत्तों से जान बचाकर घर में घुसा बारहसिंगा, देखने उमड़े ग्रामीण


- तेंदुआ कला गांव में मचा कौतूहल, वन विभाग की टीम ने सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा

मीरजापुर, 17 अक्टूबर (हि.स.)। जंगल में रहने वाला बारहसिंगा शनिवार को कुत्तों से जान बचाने के लिए गांव के एक घर में जा घुसा। अचानक घर में बारहसिंगा को देखकर ग्रामीणों में कौतूहल मच गया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने रेस्क्यू कर उसे सुरक्षित पकड़ लिया।

घटना चुनार थाना क्षेत्र के तेंदुआ कला गांव की है। शनिवार को जंगल से भटककर एक बारहसिंगा सिवान की ओर आ गया। उसे देखते ही कुत्ते भौंकने लगे और पीछा करने लगे। कुत्तों से बचने के लिए भागता हुआ बारहसिंगा सक्तेशगढ़ पुलिस चौकी क्षेत्र के तेंदुआ कला गांव पहुंच गया। यहां शिवराज यादव के पुराने मकान के सामने बोल्डर से बनी बाउंड्री फांदकर वह घर के भीतर घुस गया।

बारहसिंगा को घर में घुसा देख ग्रामीणों ने शोर मचाया और वन विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीम ने काफी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित पकड़ लिया। चुनार वन रेंज के क्षेत्राधिकारी अंकित कुशवाहा ने बताया कि जंगल से भटककर बारहसिंगा गांव में पहुंच गया था। रेस्क्यू के बाद उसे सुरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762680 Articles

Share this story