नवनिर्मित श्री सत्य साईं संजीवनी हॉस्पिटल में प्रत्येक मरीज की होगी निशुल्क जांच और उपचार - चेयरमैन

WhatsApp Channel Join Now
नवनिर्मित श्री सत्य साईं संजीवनी हॉस्पिटल में प्रत्येक मरीज की होगी निशुल्क जांच और उपचार - चेयरमैन


वाराणसी, 14 जून (हि. स.)। वाराणसी में सराय मोहाना क्षेत्र में नवनिर्मित श्री सत्य साईं संजीवनी हॉस्पिटल में रविवार काे आयोजित पत्रकार वार्ता में श्री सत्य साईं हेल्थ एंड एजुकेशन ट्रस्ट के चेयरमैन सी. श्रीनिवास ने बताया कि वाराणसी की ग्रामीण जनता की सेवा के लिए ट्रस्ट द्वारा बनाए गए नवनिर्मित श्री सत्य साईं संजीवनी हॉस्पिटल की शुरुआत होने जा रही है। डॉ आदित्य और डॉ विनीता की देखरेख में मरीजों को देखा जाएगा। इस अस्पताल की खासियत यह है कि नवनिर्मित श्री सत्य साईं संजीवनी हॉस्पिटल में प्रत्येक मरीज की निशुल्क जांच और उपचार होगा।

चेयरमैन सी. श्रीनिवास ने कहा कि ट्रस्ट के सदस्यों का प्रयास है कि श्री सत्य साईं संजीवनी हॉस्पिटल के बगल में ही इसी क्षेत्र में एक नर्सिंग कॉलेज की भी शुरुआत जल्द की जाए। जिसके लिए सदस्यों ने जमीन देखी है। हॉस्पिटल का लोकार्पण और नर्सिंग कॉलेज का शिलान्यास एक साथ 15 अगस्त को होगा। ट्रस्ट का पूरा प्रयास है कि इस आयोजन में मुख्य अतिथि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ही रहें।

श्री सत्य साईं संजीवनी हॉस्पिटल के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा कि अभी हॉस्पिटल में 50 का स्टाफ रहेगा, जिसमें स्पेशलिस्ट डॉक्टर भी रहेंगे। यहां हॉस्पिटल में अल्ट्रासाउंड, एक्स-रे, ईसीजी की सुविधा दी जा रही है। आएदिन सामने आने वाली बीमारियों के बेहतर उपचार की व्यवस्था भी दी जाएगी। साथ में दवा भी निशुल्क दी जाएगी। यहां मरीज भर्ती करने के लिए अभी आठ बेड हैं, जिनकी संख्या भविष्य में बढ़ाई जाएगी। मॉर्निंग शिफ्ट में अस्पताल में मरीज आ सकेंगे। कुछ समय के बाद हॉस्पिटल को 24 घंटे सेवा देने के लिए तैयार किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शरद

Share this story