श्रावस्ती में ‘सेल्फी विद डॉटर’ पहल से बेटियों के सम्मान और सशक्तीकरण का संदेश
-डीएम अन्नपूर्णा गर्ग ने बेटी वर्धन्या के साथ ली सेल्फी, बाल विवाह खत्म करने और बालिकाओं को समान अवसर देने पर दिया जोर
श्रावस्ती, 11 अक्टूबर (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर जनपद में बेटियों के सम्मान, सुरक्षा, शिक्षा और सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के लिए ‘सेल्फी विद डॉटर’ पहल चलाई जा रही है। रविवार को जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने अपनी बेटी वर्धन्या के साथ सेल्फी लेकर समाज को बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच अपनाने और उन्हें समान अवसर देने का संदेश दिया।
इस पहल के तहत जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, सिरसिया के खंड शिक्षा अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी सहित जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के अधिकारियों व कर्मचारियों ने भी अपनी बेटियों के साथ सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर साझा की। इसके माध्यम से बेटियों के प्रति प्रेम, गर्व और सम्मान की भावना को बढ़ावा देने की अपील की गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस प्रत्येक वर्ष 11 अक्टूबर को मनाया जाता है। इसका उद्देश्य बालिकाओं के अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें सामाजिक, शैक्षिक एवं आर्थिक चुनौतियों से मुक्त कर आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना है। बेटियों को बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और सुरक्षित वातावरण देना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि इससे बालिकाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य और भविष्य की संभावनाएं प्रभावित होती हैं। इसके उन्मूलन के लिए परिवारों, समुदायों और संबंधित विभागों को मिलकर प्रयास करने की जरूरत है।
‘सेल्फी विद डॉटर’ पहल का उद्देश्य केवल तस्वीर साझा करना नहीं, बल्कि समाज में यह संदेश पहुंचाना है कि बेटियां परिवार और समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उन्हें अपनी प्रतिभा निखारने, सपने पूरे करने और आत्मनिर्भर बनने के लिए समान अवसर मिलने चाहिए।
जिलाधिकारी ने बाल विवाह, कन्या भ्रूण हत्या, दहेज प्रथा और लिंग आधारित भेदभाव जैसी सामाजिक बुराइयों को समाप्त करने के लिए जनभागीदारी का आह्वान किया। उन्होंने बेटियों को सम्मान, शिक्षा, सुरक्षा और समान अधिकार देने की भावना को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

