सावन के दूसरे सोमवार और शिवरात्रि पर औरैया में भारी वाहनों का रूट डायवर्जन

WhatsApp Channel Join Now
सावन के दूसरे सोमवार और शिवरात्रि पर औरैया में भारी वाहनों का रूट डायवर्जन


औरैया, 08 अगस्त (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में सावन के दूसरे सोमवार 10 अगस्त और श्रावण मास शिवरात्रि 11 अगस्त को देवकली मंदिर समेत जिले के विभिन्न शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। औरैया पुलिस ने भारी वाहनों के लिए रूट डायवर्जन जारी किया है। डायवर्जन रविवार नौ अगस्त की शाम छह बजे से 11 अगस्त की रात तक प्रभावी रहेगा। इस दौरान शहर में भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

पुलिस के अनुसार जालौन से विलराया-पनवाड़ी मार्ग होते हुए औरैया आने वाले भारी वाहनों को बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे से भेजा जाएगा। कन्नौज और छिबरामऊ से एरवाकटरा आने वाले वाहनों को सौरिख कट से आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे की ओर डायवर्ट किया जाएगा। इटावा-ऊसराहार से एरवाकटरा की ओर आने वाले भारी वाहन उमरैन पुल के नीचे से आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड से भरथना होते हुए अपने गंतव्य को जाएंगे।

इटावा-ऊसराहार से लखनऊ व कानपुर जाने वाले भारी वाहनों को भी उमरैन पुल के नीचे से आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड और सौरिख कट के रास्ते भेजा जाएगा। कानपुर देहात से याकूबपुर-बेला होते हुए औरैया आने वाले भारी वाहनों को रसूलाबाद चौराहा से झींझक होते हुए एनएच-19 पर भेजा जाएगा। कंचौसी से औरैया आने वाले भारी वाहनों को भी झींझक होकर एनएच-19 से अपने गंतव्य की ओर जाना होगा।

औरैया से जालौन जाने वाले भारी वाहनों को मंगलाकाली चौराहा (जालौन चौराहा) से एनएच-19 व बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे की ओर डायवर्ट किया जाएगा। इस चौराहे से केवल मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों को आगे जाने की अनुमति होगी। देवकली चौराहा (खानपुर चौराहा) से मंदिर की ओर भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। यहां से केवल मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं के वाहन, ऑटो, ई-रिक्शा और पिकअप आदि को जाने की अनुमति दी जाएगी।

बेला से दिबियापुर की ओर आने वाले भारी वाहनों को बेला तिराहा से रसूलाबाद होकर भेजा जाएगा। कानपुर की ओर से एनएच-19 पर आने वाले भारी वाहन देवकली चौराहा व जालौन चौराहे पर सर्विस लेन में प्रवेश नहीं कर सकेंगे। दिबियापुर व बेला की ओर जाने वाले भारी वाहनों को मुरादगंज-फफूंद चौराहा और दिबियापुर होते हुए भेजा जाएगा। दिबियापुर से औरैया की ओर आने वाले भारी वाहनों को फफूंद चौराहा से मुरादगंज होते हुए एनएच-19 पर भेजा जाएगा।

यातायात पुलिस के मीडिया सेल ने बताया कि औरैया शहर के किसी भी चौराहे या तिराहे से शहर के अंदर भारी वाहनों का प्रवेश पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगा।एनएच-19 पर यातायात सामान्य रूप से संचालित रहेगा। पुलिस ने वाहन चालकों से डायवर्जन का पालन करने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story