मीरजापुर में गूंजा खेल का बिगुल, सात जिलों के पुलिस जवान दिखाएंगे दमखम

WhatsApp Channel Join Now
मीरजापुर में गूंजा खेल का बिगुल, सात जिलों के पुलिस जवान दिखाएंगे दमखम


-अलार्म एफिसिएन्सी रेस और शूटिंग प्रतियोगिता का शुभारंभ, चार दिन चलेगा रोमांच

मीरजापुर, 04 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर में 39वीं वाहिनी पीएसी परिसर मंगलवार को पुलिस जवानों के जोश और उत्साह से गुलजार हो उठा। वाराणसी जोन की 29वीं अंतरजनपदीय एलार्म एफिसिएन्सी रेस एवं शूटिंग प्रतियोगिता-2026 का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने फीता काटकर किया। चार दिवसीय इस प्रतियोगिता में सात जिलों के पुलिसकर्मी अपनी शारीरिक क्षमता, अनुशासन और निशानेबाजी का प्रदर्शन करेंगे।

उद्घाटन समारोह में पुलिस अधीक्षक ने सभी टीम कमांडरों से परिचय प्राप्त किया और प्रतिभागियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन और निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा बनाए रखने की शपथ भी दिलाई। 4 से 7 अगस्त तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में मीरजापुर, भदोही, बलिया, आजमगढ़, गाजीपुर, चंदौली और जौनपुर की पुलिस टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता के दौरान एलार्म एफिसिएन्सी रेस और शूटिंग जैसी चुनौतीपूर्ण स्पर्धाओं में प्रतिभागी अपनी दक्षता का प्रदर्शन करेंगे।

अनुशासन और फिटनेस की होगी कड़ी परीक्षा

प्रतियोगिता का उद्देश्य पुलिस बल की शारीरिक दक्षता, त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता और निशानेबाजी कौशल को बेहतर बनाना है। इस दौरान सेनानायक नेपाल सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक नगर नितेश सिंह, डिप्टी कमांडेंट देवेंद्र सिंह, असिस्टेंट कमांडेंट दिनेश कुमार यादव, एसआईएपी त्रिभुवन सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story