सेवा, संस्कार और संस्कृति का संगम-एनएसएस शिविर में दिखा युवाओं का जज्बा

WhatsApp Channel Join Now
सेवा, संस्कार और संस्कृति का संगम-एनएसएस शिविर में दिखा युवाओं का जज्बा


मीरजापुर, 17 मार्च (हि.स.)। जीडी बिनानी पीजी कॉलेज में मंगलवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सप्तदिवसीय विशेष शिविर का समापन उत्साह, ऊर्जा और सामाजिक संदेशों के साथ संपन्न हुआ। सात दिनों तक चले इस शिविर में छात्र-छात्राओं ने सेवा, स्वच्छता और सामाजिक जागरूकता का अनूठा उदाहरण पेश किया।

समापन दिवस की शुरुआत स्वयंसेवकों द्वारा शिविर स्थल की साफ-सफाई से हुई, जिसके बाद कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ सरस्वती चित्र पर दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुआ। छात्राओं ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण स्वयंसेवकों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम रहा, जिसमें दहेज प्रथा, शिक्षा, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, पर्यावरण संरक्षण और गौ संरक्षण जैसे ज्वलंत मुद्दों को गीत, नाटक और नृत्य के माध्यम से प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। ‘वंदे मातरम्’ और लोकगीतों की प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया।

मुख्य अतिथि प्रो. रविंद्र कुमार द्विवेदी ने कहा कि एनएसएस केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि छात्रों के सर्वांगीण विकास का माध्यम है, जो उन्हें समाज से जोड़ता है और जिम्मेदार नागरिक बनाता है। वहीं प्राचार्य प्रो. अशोक कुमार सिंह ने स्वयंसेवकों के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें सामाजिक मूल्यों को जीवन में उतारने की प्रेरणा दी।

शिविर के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वयंसेवकों को सम्मानित भी किया गया, जिसने कार्यक्रम को और खास बना दिया। अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ और सभी प्रतिभागियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story