देवरिया के सलेमपुर में 1 अगस्त को लगेगा विशेष विधिक सेवा शिविर व लोक अदालत, जागरूक कर रहे प्रचार वाहन

WhatsApp Channel Join Now
देवरिया के सलेमपुर में 1 अगस्त को लगेगा विशेष विधिक सेवा शिविर व लोक अदालत, जागरूक कर रहे प्रचार वाहन


देवरिया, 28 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देवरिया के तत्वावधान में आगामी 1 अगस्त 2026 को सलेमपुर स्थित एक

महाविद्यालय में विशेष विधिक सेवा शिविर एवं विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन जनपद न्यायाधीश धनेन्द्र प्रताप सिंह के मार्गदर्शन तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अर्चना के नेतृत्व में होगा।

शिविर का उद्देश्य विस्थापित अनुसूचित जनजाति, वनवासी एवं कमजोर वर्ग के लोगों को सरकारी योजनाओं, उनके विधिक अधिकारों तथा निःशुल्क कानूनी सहायता के प्रति जागरूक करना है। साथ ही भारतीय वन अधिनियम-1927, वन्यजीव संरक्षण अधिनियम-1972, वन अधिकार अधिनियम-2006, भारतीय न्याय संहिता तथा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता से संबंधित लंबित मामलों का सौहार्दपूर्ण एवं त्वरित निस्तारण भी कराया जाएगा।

कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ द्वारा एक विशेष प्रचार वाहन उपलब्ध कराया गया है। यह वाहन 1 अगस्त 2026 तक सलेमपुर क्षेत्र के विभिन्न गांवों और कस्बों में भ्रमण कर लोगों को शिविर और लोक अदालत के बारे में जागरूक कर रहा है।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अर्चना ने मंगलवार को बताया कि जनपदवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचने की अपील की है। उन्होंने विशेष रूप से वन एवं अन्य मामलों से जुड़े लंबित प्रकरणों के पक्षकारों से लोक अदालत का लाभ उठाकर अपने मामलों का शीघ्र एवं सुलभ निस्तारण कराने का आग्रह किया है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story