मीरजापुर : कार्यकर्ता के साथ खड़ी सपा, घायल परशुराम को सांसद ने सौंपा एक लाख का चेक

WhatsApp Channel Join Now
मीरजापुर : कार्यकर्ता के साथ खड़ी सपा, घायल परशुराम को सांसद ने सौंपा एक लाख का चेक


मीरजापुर, 12 सितंबर (हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर बलिया के सपा सांसद सनातन पांडेय ने शनिवार को क्षेत्र के महोगनी गांव पहुंचकर घायल पार्टी कार्यकर्ता परशुराम मिश्र उर्फ बच्चा मिश्रा का हाल जाना। उन्होंने परशुराम को एक लाख रुपये का चेक सौंपते हुए शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की और जरूरत पड़ने पर आगे भी मदद का भरोसा दिलाया।

महोगनी गांव निवासी परशुराम मिश्र पांच अगस्त को जनेश्वर मिश्र जयंती समारोह में शामिल होने लखनऊ गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद बाहर निकलते समय एक कार की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इसके बाद से उनका उपचार चल रहा है।

सपा जिला उपाध्यक्ष रविप्रकाश तिवारी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को पत्र भेजकर कार्यकर्ता के घायल होने की जानकारी दी थी। इसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देश पर सांसद ने उनके घर पहुंचकर आर्थिक सहायता दी।

सांसद सनातन पांडेय का मठना में जितेंद्र गुप्ता और जलालपुर में सपा कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण कर स्वागत किया। इस दौरान सांसद ने कहा कि कार्यकर्ताओं के बल पर वर्ष 2027 में सपा की सरकार बनेगी। उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता को झूठे वादों और घोषणाओं से सावधान रहने की जरूरत है।

इस दौरान शिवशंकर यादव, जगदंबा सिंह, मुन्नी यादव, रामराज सिंह, सुरेंद्र सिंह, अशोक दीक्षित, राणा प्रताप सिंह, दिनेश यादव, अशोक पाठक, श्रीकांत द्विवेदी, अशोक सिंह, मुन्ना, लक्ष्मी तिवारी, अजय पांडेय, सुनील मिश्रा, अनुराग, रफीक समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story