भाजपा क्षेत्रीय दलों को खत्म नहीं कर रही, बल्कि संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था को कर रही है कमजोर : प्रो रामगोपाल यादव

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा क्षेत्रीय दलों को खत्म नहीं कर रही, बल्कि संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था को कर रही है कमजोर : प्रो रामगोपाल यादव


फिरोजाबाद, 15 जून (हि.स.)। सपा के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सांसद प्रो. रामगोपाल यादव ने सोमवार को भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा क्षेत्रीय दलों को खत्म नहीं कर रही, बल्कि संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर कर रही है। उन्होंने दावा किया आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा को करारा जवाब देगी और सपा सरकार बनाएगी।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव सोमवार को फिरोजाबाद में पत्रकारों से रूबरू हो रहे थे। प्रो. यादव ने पश्चिम बंगाल की राजनीति का जिक्र करते हुए कहा कि जिन लोगों को ममता बनर्जी ने कूड़े से निकालकर विधायक, एमएलसी, मंत्री और सांसद बनाया, वही लोग आज ममता बनर्जी की पार्टी छोड़कर चले गए। पार्टी तो रहेगी, लेकिन इनका कोई ठिकाना नहीं होगा।

उन्होंने कहा कि आगामी 2027 का चुनाव लोकतंत्र और संविधान बचाने का चुनाव होगा। समाजवादी पार्टी पूरी मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगी। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि यदि चुनाव में किसी प्रकार की धांधली करने का प्रयास किया गया तो पार्टी कार्यकर्ता लोकतांत्रिक तरीके से उसका मुकाबला करेंगे।

प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए प्रो. रामगोपाल यादव ने कहा कि अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने फिरोजाबाद में ही दो दिनों के भीतर डकैती की घटनाओं का हवाला देते हुए कहा कि सरकार अपराध रोकने में विफल साबित हो रही है।

प्रो. यादव ने आरोप लगाया कि सरकार का पूरा ध्यान केवल एनकाउंटर की राजनीति पर केंद्रित है, जबकि अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में अपेक्षित कार्य नहीं हो रहा है।

इस दौरान सपा विधायक व नेता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

Share this story