उप्र में सपा का मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ हल्ला बोल, मांगा इस्तीफा

WhatsApp Channel Join Now
उप्र में सपा का मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ हल्ला बोल, मांगा इस्तीफा


लखनऊ, 08 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ समाजवादी पार्टी ने गुरुवार को राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के कई जिलों में प्रदर्शन कर विरोध दर्ज कराया। लखनऊ में सपा महानगर अध्यक्ष फाख़िर सिद्दीकी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने महानगर कार्यालय से कलेक्ट्रेट तक प्रदर्शन किया और जिलाधिकारी कार्यालय के गेट के बाहर धरने पर बैठ गए। कार्यकर्ताओं ने हाथों में पोस्टर-बैनर लेकर “वोट चोर, गद्दी छोड़” और “ज्ञानेश कुमार हटाओ, लोकतंत्र बचाओ” के नारे लगाए और उनके इस्तीफे की मांग की।

प्रदर्शन में सपा प्रवक्ता दीपक रंजन, अभिषेक बाजपेई, महासचिव गौरव कुमार यादव समेत कई नेता शामिल रहे। छात्र सभा, महिला सभा, यूथ ब्रिगेड और समाजवादी युवजन सभा के कार्यकर्ताओं ने भी प्रदर्शन में भाग लिया। अधिवक्ता सभा के जिलाध्यक्ष अंजनी प्रकाश यादव, वरिष्ठ नेता अनिल यादव, चिनहट ब्लॉक अध्यक्ष संतोष सिंह, पूर्व बीडीसी दिनेश यादव और अनुराग आजाद समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस बल तैनात रहा।

सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को लेकर उनकी आपत्तियों पर चुनाव आयोग को जवाब देना चाहिए। पार्टी कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग दोहराई।

प्रदेश के अन्य जिलों में भी सपा का विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। लखीमपुर खीरी में सपा, कांग्रेस और भाकपा कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट गेट पर प्रदर्शन कर ज्ञानेश कुमार का प्रतीकात्मक पुतला फूंका और ज्ञापन सौंपा।

कन्नौज में सपा कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय से कलेक्ट्रेट तक मार्च निकाला। कलेक्ट्रेट गेट पर पुलिस द्वारा रोके जाने पर कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हुई।

शाहजहांपुर में कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च निकालकर मुख्य चुनाव आयुक्त का प्रतीकात्मक पुतला फूंका। पुतला छीनने को लेकर पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच नोकझोंक हुई।

आजमगढ़, जौनपुर और अंबेडकरनगर में भी सपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग की। अंबेडकरनगर में पुतला दहन के दौरान पुलिस से नोकझोंक की भी सूचना है।

इससे पहले अयोध्या, वाराणसी, कानपुर देहात और गोरखपुर में भी सपा कार्यकर्ता ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन कर चुके हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

Share this story